मुगलसराय. उत्तरप्रदेश के मुगलसराय जंक्शन पर दो प्लेटफार्मों को जोड़ने वाले पुल पर बुधवार को मची भगदड़ में 15 महिलाओं की मौत हो गई और 40 से
अधिक लोग घायल हो गए। वे अपने बेटों के कल्याण और दीघायरु के लिए जिउतिया अष्टमी (जीवित्पुत्रिका) का निर्जला व्रत रखकर गंगा स्नान करने वाराणसी जा रही थीं। घटना का जायजा लेने रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव भी देर शाम मुगलसराय पहुंच गए।
एडीजी रेलवे एसएन चक ने बताया कि यह हादसा एक साथ तीन ट्रेनों के आने के कारण यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने से हुआ। तीनों ट्रेनों के यात्री ओवरब्रिज से होकर निकल रहे थे कि अचानक कुछ महिलाएं फिसल कर गिर गइर्ं। इसके बाद मची अफरातफरी और भगदड़ में 15 की मौत हो गई। घायलों में एक दर्जन से अधिक की हालत गंभीर हैं। मृतकों में अधिकांश बिहार की महिलाएं हैं। वे प्लेटफार्म नंबर पांच पर गया-मुगलसराय पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने जा रही थीं।
जबरन वसूली के कारण भगदड़
यात्रियों का कहना है कि जिस समय यात्री ओरवरब्रिज पर थे, उसी समय टिकट चेकिंग स्टाफ सक्रिय हो गया। पैसेंजर ट्रेन से उतरे यात्रियों में अधिकांश बिना टिकट थे। इस कारण भगदड़ मच गई। यात्रियों का आरोप है कि जबरन वसूली की वजह से भी अफरा-तफरा मची। जीउतिया व्रत पूर्वी उप्र तथा उससे लगे बिहार में बड़े हर्ष से मनाया जाता है। हर साल लाखों की तादात में महिलाएं गंगा स्नान के लिए आती हैं।