नई दिल्ली. राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए आर्ट्स एंड एस्थेटिक्स का कोर्स तैयार किया है, जिसे अगले सत्र से लागू किया जाएगा।
एनसीईआरटी के कार्यक्रम समन्वयक और आर्ट्स एंड एस्थेटिक्स विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि 10वीं और 12वीं क्लास में आर्ट्स एंड एस्थेटिक्स पाठ्यक्रम को पहले सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों और केंद्रीय विद्यालयों से संबद्ध 100 स्कूलों में लागू किया जाएगा और इसके बाद अगर इसकी डिमांड रही तो दूसरे स्कूलों में भी इसे शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसमें आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स तीनों फैकल्टी के छात्र रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। एनसीईआरटी की ओर से तैयार किए गए इस आर्ट्स एंड एस्थेटिक्स के कोर्स को दो खंडों में बांटा गया है। इसमें पहला इंडियन क्राफ्ट्स एस्थेटिक्स और दूसरा ग्राफिक डिजाइनिंग है। हर खंड 100-100 अंक का है।
पाठ्यक्रम के इंडियन क्राफ्ट्स एस्थेटिक्स को चार भागों में बाँटा गया है। इसमें पहला थ्योरी खंड, दूसरा फील्ड स्टडी, तीसरा छोटे प्रयोग और चौथा प्रोजेक्ट वर्क है। थ्योरी खंड के लिए 50 अंक निर्धारित हैं, जबकि फील्ड स्टडी के लिए 30, छोटे प्रयोग के लिए 10 और प्रोजेक्ट वर्क के लिए 20 अंक निर्धारित किए गए हैं।