श्रीनगर . जम्मू कश्मीर के बारामुला जिले के तंगमार्ग में पिछले तीन दिन से चल रही मुठभेड़ में दो सेना अधिकारी शहीद हो गए जबकि नौ आतंकवादी मारे गए। मुठभेड़ स्थल रिंगीवल्ला खाल गांव से आतंकवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मुठभेड़ सोमवार को तब शुरू हुई जब चौंतीसवीं राष्ट्रीय राइफल के जवानों ने गांव में तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों पर छिपे हुए आतंकवादियों ने जबरदस्त गोलीबारी की।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आतंकवादी किस संगठन के हैं फिर भी मााना जा रहा है कि इनका संबंध अल बद्र संगठन से है। सेना के दो मेजर के पी विनय ओैर डी आर रमन मुठभेड़ में शहीद हो गए जबकि दो जवान घायल हैं।
मेजर रमन को चोंटें आयीं थी और उपचार के दौरान आज उनका निधन हो गया जबकि मेजर विनय गोलीबारी में मारे गए। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। दोनों तरफ से जारी गोलीबारी में कम से कम दस मकान नष्ट हो गए हैं। हालांकि किसी नागरिक के मारे जाने का समाचार नहीं है।