मुंबई: जहां एक तरफ रिलायंस रिटेल को राजनीतिक विरोध के कारण स्टोर बंद करने पड़ रहे हैं, आदित्य बिड़ला समूह देशभर में रिटेल विस्तार पर अगले तीन सालों में 8 से 9 हजार करोड़ रुपए खर्च करने की योजना बना रहा है।
कंपनी के पास पुणो, मुंबई, अहमदाबाद में रिटेल फार्मेट वाले कुल 28 मोर-स्टोर हैं। अगले पांच महीनों में कंपनी ने हाइपर-मार्केट खोलने की योजना बनाई है। कंपनी के मोर स्टोर ब्रांड की स्टोर श्रंखला के बारे में आदित्य बिड़ला रिटेल के प्रमुख (मार्केटिंग) संजय बाधे कहते हैं कि महाराष्ट्र में कंपनी ने मुंबई, नई मुंबई, ठाणो और भायंदर में कारोबार के विस्तार की तैयारी कर ली है। कंपनी ने मोर स्टोर की तर्ज पर स्टोर श्रंखला भी शुरू करने की योजना बनाई है।
हैदराबाद की सुपरमार्केट रिटेल चेन का इसी साल के आरंभ में कंपनी ने अधिग्रहण किया था। औद्योगिक सूत्रों का कहना है कि नया हाइपरमार्केट फार्मेट भिन्न ब्रांड नाम से लांच किया जाएगा। अगले पांच महीनों में इसकी शुरुआत हो जाएगी। पहला स्टोर वडोदरा में खोले जाने की संभावना है।