जयपुर. गुर्जरों के जेल भरो अभियान के बाद अब मीणा जाति के नेता 14 अक्टूबर को करौली में महापंचायत की तैयारियों में जुट गए हैं। पंचायत में बुलावे के लिए घर-घर न्योता भेजने की शुरुआत हो गई है।
राष्ट्रीय जनजाति आरक्षण बचाओ संघर्ष संचालन समिति के बैनर तले होने वाली इस पंचायत से पहले ७ अक्टूबर को खाटू श्यामजी में अधिवेशन होगा। समिति के राष्ट्रीय संयोजक बीएल मीणा अभी से दावा कर रहे हैं कि महापंचायत को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। इसमें राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश से भी समाज के नेता और प्रतिनिधि भाग लेंगे।
महापंचायत को लेकर समिति की ओर से पंपलेट बांटनेका काम शुरू हो चुका है। मीणा ने सरकार को चेतावनी दी है कि गुर्जरों के जेल भरो जैसे अभियान से यदि सरकार दबाव में आई तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।
फिलहाल मीणा समाज चुप्पी साधे पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। गुर्जरों की ओर से महिलाओं को जेल भेजने की चेतावनी दबाव बनाने का हथकंडा है।