News
Chhattisgarh
Raipur Raipur अंबिकापुर/बैकुंठपुर. एक अजीबोगरीब घटनाक्रम में कोरिया जिले की रामगढ़ पुलिस चौकी में सशस्त्र बल के एक जवान ने नक्सली कमांडर रामधन की बीती रात गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप है। आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। रामधन को हाल ही में सोनहत क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था, वह हफ्ते भर की पुलिस रिमांड पर था।
नक्सली जोनल कमांडर 35 वर्षीय रामधन चेरवा 1 अक्टूबर को सोनहत-बैकुंठपुर मार्ग पर पकड़ा गया था। रामधन कोरिया जिले के सोनहत व रामगढ़ क्षेत्र के अलावा सूरजपुर पुलिस जिले व मध्यप्रदेश के सीधी जिले के कुछ इलाकोंे में सक्रिय था। उस पर 15 हजार का इनाम था और विभिन्न थाना क्षेत्रों में उस पर 34 आपराधिक मामले दर्ज थे।
पुलिस ने रामधन की निशानदेही पर उसकी पत्नी उर्मिला उर्फ कौशल्या को भी गिरफ्तार किया था, जो न्यायिक रिमांड पर अंबिकापुर जेल में है। रामधन को न्यायालय में पेश कर पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए 7 दिनों की रिमांड पर लिया था।
रिमांड मिलने के बाद कल 2 अक्टूबर को उसे सोनहत थाने से बिहारपुर चांदनी ले जाया जा रहा था। रात होने पर सोनहत थानांतर्गत रामगढ़ चौकी में बनी बैरक में उसे रखा गया। चौकी में हवालात नहीं है।
बैरक में रामधन के अलावा पुलिस बल, सीआरपीएफ व सीएएफ के भी जवान थे। बैरक में सीएएफ चौथी बटालियन का जवान श्यामलाल चौहान संतरी डच्यूटी पर था।
रात में करीब 12 बजे श्याम लाल अंदर बैरक में गया, जहां रामधन था। उसने रामधन को कहा कि तुम नक्सली हो, तुम्हें जीने का हक नहीं है, इतना कहकर उसने रामधन को रायफल से दो गोलियां मारी जिससे वह वहीं ढेर हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर बाहर मौजूद सीआरपीएफ के जवान अंदर दौड़े। उन्होने श्यामलाल को पकड़कर उसकी रायफल ले ली।
इस घटना से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कोरिया के पुलिस अधीक्षक ए.एम. जूरी रामगढ़ चौकी पहुंचे। वे आज दिनभर रामगढ़ में ही रहे। आरोपी जवान श्यामलाल को धारा 302 व 450 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। बैकुंठपुर से मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ए.आर. बंजारा भी रामगढ़ पहुंचे, जिनकी उपस्थिति में शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया गया।
सरगुजा रेंज के आईजी ए.एन. उपाध्याय ने बताया कि आरोपी जवान जांजगीर जिले का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है। नक्सलवाद के प्रति आंतरिक आक्रोश इस घटना का कारण हो सकता है।