HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

पुलिस के हत्थे चढ़ा ठग तांत्रिक

अजमेर. गृह-शांति के लिए पूजा कराने का झांसा देकर महिला के सत्तर हजार रुपए के जेवर लेकर चंपत हुए ठग तांत्रिक को पुलिस ने वारदात के आठ महीने बाद गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त जोधपुर जिले में बिलाड़ा कस्बे का रहने वाला है। वारदात में लिप्त उसके भतीजे व एक अन्य युवक की पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार कचहरी रोड स्थित शांति सदन निवासी गोपीकिशन वर्मा ने फरवरी में अलवरगेट थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वर्मा ने बताया था कि अलवरगेट इलाके में किराए के मकान में रहने वाले सत्य सांई ज्योतिष बाबा और उसके साथी उसकी पत्नी के सत्तर हजार रुपए के जेवर लेकर फरार हो गए। कथित तांत्रिक ने अनुष्ठान के तहत किरण से जेवर मंगवाए और किरण के सामने जेवरों की पूजा के बाद जेवर एक बॉक्स में बंद कर चाबी सहित बॉक्स लौटा दिया। इससे किरण को भरोसा हो गया। पांच दिन तक इसी प्रकार तांत्रिक जेवर मंगवाकर पूजा करवाता रहा और बॉक्स लौटाता रहा। 15 फरवरी को उसने पूर्व की तरह जेवरों की पूजा के बाद चाबी व बॉक्स किरण को इस हिदायत के साथ सौंपे कि घर पहुंच कर ही बॉक्स को खोलना है।

रात को किरण ने बॉक्स खोला तो बॉक्स में जेवर नहीं थे। मामले की तफ्तीश में बिलाड़ा के निकट बाला गांव निवासी घनश्याम जोशी (52) पुत्र मदन जोशी और उसके भतीजे प्रवीण शर्मा की पहचान अभियुक्त के तौर पर हो गई। पुलिस दल ने दो दिन पहले बिलाड़ा से घनश्याम जोशी को गिरफ्तार कर लिया। उसका भतीजा प्रवीण फरार हो गया।

अदालत के आदेश से अभियुक्त को 5 अक्टूबर तक रिमांड पर लिया गया है। इकबालिया बयान में अभियुक्त घनश्याम ने बताया कि उसका गिरोह अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित कर शिकार फांसता था। विज्ञापन में तंत्र-मंत्र विद्या से समस्याओं का समाधान करने का दावा किया जाता था, इससे प्रभावित होकर अंधविश्वासी लोग उनके जाल में फंस जाते थे। पूजा-पाठ के नाम पर शिकार से जेवर, रुपए लेते थे और चंपत हो जाते थे। वारदात के बाद गिरोह शहर बदल लेता था।

अलवरगेट थाना प्रभारी आस मोहम्मद ने बताया कि ठगी का अभियुक्त अंतत: मोबाइल फोन के जरिये पकड़ा गया। वारदात की शिकार किरण वर्मा के पास अभियुक्त के मोबाइल फोन के नंबर थे, उन नंबरों पर पुलिस ने संपर्क किया था लेकिन तब फोन का स्विच ऑफ था। पिछले दिनों उस नंबर पर फिर बातचीत की गई। उसकी लोकेशन बिलाड़ा में पाई गई।

सुनार को बेचे जेवर
अभियुक्त ने किरण वर्मा से ठगे गए करीब सत्तर हजार रुपए के जेवरात बिलाड़ा के एक सुनार को बेच दिए थे। पुलिस दल अभियुक्त को लेकर बिलाड़ा गया है, जहां सुनार से माल बरामद किया जाएगा।

जाल में फंसे कई शिकार
ठग तांत्रिक गिरोह ने कई लोगों को जाल में फांसा था। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि करीब पचास लोग ठगी का शिकार हुए। गिरोह का सरगना सत्यनारायण था। उसने घनश्याम जोशी, प्रवीण शर्मा के साथ अलवर गेट थाना क्षेत्र में नगरा इलाके में जनवरी 07 में किराए के मकान में गोरखधंधा शुरू किया था। सत्य सांई ज्योतिष के नाम से उसने विज्ञापन प्रकाशित करवाकर खुद को प्रचारित कराया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त घनश्याम जोशी के मोबाइल की कॉल हिस्ट्री से पचास से ज्यादा ऐसे लोगों के नंबर उजागर हुए जिनसे ठग तांत्रिकों ने एक से पांच हजार रुपए वसूल किए थे। पुलिस तफ्तीश में ठगी के शिकार लोगों के बयान दर्ज किए गए।

मुंबई से सीखे गुर
तांत्रिक गिरोह के सदस्य घनश्याम ने बताया कि सरगना सत्यनारायण मुंबई के ज्योतिष से विद्या सीख कर आया था। उसने गोरखधंधे में उन्हें भी शामिल कर लिया था। अलवर गेट थाना प्रभारी आस मोहम्मद ने बताया कि अभियुक्त सत्यनारायण और प्रवीण शर्मा की तलाश की जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: