अजमेर. संभाग की जेलों में बंद गुर्जरों ने बुधवार को चाय, बीड़ी-सिगरेट और भोजन की व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा मचाया। किसी जेल में मंत्री समझाने पहुंचे, किसी में कलेक्टर एसपी। व्यवस्थाएं सुधारने का भरोसा मिलने पर गुर्जर शांत हुए। गवर्नमेंट कॉलेज नसीराबाद अस्थायी जेल में बीड़ी के आदी गुर्जर बंदी सुबह चाय और बीड़ी की मांग को लेकर पेड़ों पर चढ़कर छत पर जा पहुंचे और जोरदार हंगामा किया। बंदी सुबह 4 बजे उठ गए थे और उसी समय उन्होंने चाय की मांग भी की, लेकिन जेल प्रशासन ने सुबह छह बजे चाय उपलब्ध करवाई।
उपखंड अधिकारी और जेल पर तैनात अन्य अफसरों और पुलिस ने सख्ती की तो गुर्जर नीचे उतरे। पीटीएस किशनगढ़ में तो भोजन में चपाती की मांग को लेकर बंदियों ने खाना- पीना ही छोड़ दिया। एक स्थानीय गुर्जर नेता के नेतृत्व में कई गुर्जर आ पहुंचे और उन्होंने जेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रात साढ़े आठ बजे बाद अफसरों की समझाइश के बाद बंदियों ने खाना खाया। मसूदा डाइट में भी बंदियों ने पेट भर भोजन नहीं दिए जाने पर जमकर नारेबाजी की। यहां बंदियों के परिवार वालों को भी मिलने नहीं दिया गया।
भोजन में कंकर
परबतसर सब जेल में गुर्जर बंदियों ने भोजन में कंकर आने पर जमकर हंगामा किया। गुर्जरों का कहना था कि प्रशासन जानबूझकर अपराधियों जैसा बर्ताव कर रहा है। दोपहर 1.30 बजे तक हंगामे की स्थिति रही। सूचना मिलने पर एसपी कलेक्टर जेल पहुंचे और उन्होंने साफ भोजन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया, इसके बाद बंदियों ने भोजन किया।
गाय, भैंस, बकरी भी मंगवाओ
टोंक की मालपुरा जेल में बंद गुर्जरों ने अनोखी मांग की। उन्होंने अपने मवेशियों गाय, भैंस, बकरी आदि भी जेल में भेजने की मांग की और भोजन त्याग दिया। सहकारिता, कृषि और पशुपालन मंत्री प्रभु लाल सैनी, स्थानीय विधायक जीतराम चौधरी, कलेक्टर और एसपी मालपुरा जेल पहुंचे और उन्होंने समझा बुझाकर गुर्जरों भोजन के लिए राजी किया।
गवर्नमेंट कॉलेज नसीराबाद
चाय और बीड़ी की मांग को लेकर पेड़ों पर चढ़े, वहां से छत पर। बंदी सुबह 4 बजे उठ गए और उसी समय चाय मांगने लगे।
पीटीएस किशनगढ़
भोजन में चपाती की मांग को लेकर बंदियों ने खाना- पीना छोड़ा। जेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी। रात साढ़े आठ बजे बाद अफसरों की समझाइश के बाद बंदियों ने खाना खाया।
मसूदा डाइट
पेट भर भोजन नहीं दिए जाने पर नारेबाजी की। यहां बंदियों के परिवार वालों को भी मिलने नहीं दिया गया।
परबतसर सब जेल
भोजन में कंकर आने पर दोपहर 1.30 बजे तक हंगामा। एसपी कलेक्टर जेल पहुंचे, साफ भोजन भरोसा दिया, बंदियों ने भोजन किया।
टोंक मालपुरा जेल
मवेशियों गाय, भैंस, बकरी आदि भी जेल में भेजने की मांग, भोजन त्यागा। सहकारिता, कृषि और पशुपालन मंत्री प्रभु लाल सैनी, स्थानीय विधायक जीतराम चौधरी, कलेक्टर और एसपी मालपुरा जेल पहुंचे और उन्होंने समझा बुझाकर गुर्जरों भोजन के लिए राजी किया।