अजमेर. ब्लैकमेल कांड और मादक पदार्थ तस्करी के मामले में अभियुक्त नफीस चिश्ती पर जेल से अपराधिक गतिविधियां संचालित करने के मामले में पुलिस ने
शिकंजा कसा है। उसे लोहाखान इलाके के युवक को धमकाकर दो लाख रुपए रंगदारी की मांग करने के मामले में अभियुक्त बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में अभियुक्त लोहाखान निवासी रज्जाक व खुर्शीद पुत्र अहमद नूर के बयान के आधार पर नफीस चिश्ती को अभियुक्त बनाया गया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामचंद्र ने बताया कि आरोपियों ने बस स्टैंड पर नीति मार्ग निवासी शराफुद्दीन कुरैशी को जान से मारने की धमकी देकर उससे चाकू की नोक पर दो लाख रुपए की मांग की थी।
तफ्तीश में उन्होंने नफीस के कहने पर वारदात करना कबूल किया है। तफ्तीश में अभियुक्तों के बयानों की पुष्टि हुई। पीड़ित कुरैशी ने बताया कि 21 सितंबर को पेशी के दौरान कोर्ट में नफीस उसे मिला था। उसने धमकी दी थी कि खुर्शीद और रज्जाक को रुपए नहीं दिए तो बेटे को जान से मार दिया जाएगा। बुधवार को जांच अधिकारी अजीत सिंह ने नफीस के बारे में जेल में जांच की।