जैसलमेर. जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित छत्रेल गांव के पास 22 गायों की सामूहिक हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार देर
शाम तक पुलिस ने इन गायों के शवों को अलग-अलग स्थानों से ढूंढ लिया। इस बात की जानकारी फैलते ही जिले भर में तनाव का वातावरण बन गया। क्षेत्रीय विधायक सांगसिंह भाटी घटना की सूचना मिलने पर अजमेर से जैसलमेर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने इस घटना में उपयोग में लिए गए दो ट्रेक्टर जब्त कर एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है।
सोमवार रात छत्रेल गांव से आगे हाबूर रोड पर स्थित देऊजी क्षेत्र (गोचर भूमि) में चर रही गायों को कुछ लोगों ने कीटनाशक पिलाया और फिर उनके पीछे ट्रेक्टर दौड़ाकर मारा। इस गोचर भूमि में सोनू व हाबूर क्षेत्र की गायें चरने के लिए आती हैं। बुधवार को पुलिस अधीक्षक नवज्योति गोगोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.पी. मीणा, सीआई बख्तावरसिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीआईडी बीआई अजरुनसिंह, तहसीलदार गजेन्द्रसिंह व उपखण्ड अधिकारी नखतदान बारहठ मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सकों का दल भी पहुंचा। उन्होंने मृत पशुओं का विसरा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देऊजी क्षेत्र में कीटनाशक की बदबू भी आ रही है। इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि गायों को कीटनाशक भी पिलाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों सहित विभिन्न संस्थाओं व संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए थे। सोनू सरपंच डूंगरसिंह, जिनकी स्वयं की पांच गायें इस घटना में मारी गई हैं, वे तथा कई अन्य पशु मालिक भी वहां पहुंच चुके थे।
ऐसे आया मामला प्रकाश में: छत्रेल और कुछड़ी के बीच जिस क्षेत्र में ये गायें मरीं, वहां आबादी नहीं होने से घटना की जानकारी समय पर नहीं मिल पाई। बुधवार को एक पशुपालक ने अलग-अलग स्थानों पर एक के बाद एक दर्जन भर मृत गायों को देखा तो उसने पुलिस को सूचना दी।
* चार किलोमीटर की परिधि में 22 गायों के शव मिले हैं। सभी शवों की वीडियोग्राफी करवा ली गई है। प्रथमदृष्टया यह बात सामने आई है कि इस चारागाह में कुछ लोगों ने गायों के पीछे ट्रेक्टर दौड़ा कर उनकी हत्या की। शीघ्र ही मामले को सुलझाने की कोशिश की जाएगी।
—नवज्योति गोगोई, पुलिस अधीक्षक, जैसलमेर
* मैं जयपुर जा रहा था। इस हत्याकांड का समाचार मिलते ही वापस जैसलमेर के लिए रवाना हो गया हूं। जैसलमेर पहुंचते ही घटना स्थल जाकर मौका मुआयना करूंगा। जिन्होंने भी यह कुकृत्य किया है उन्हें कानून के तहत कठोर दंड दिलाया जाएगा।
—सांगसिंह भाटी, क्षेत्रीय विधायक