उदयपुर. आयकर विभाग द्वारा पिछले महीने शहर के एक प्रमुख व्यवसायी के यहां की गई छापा कार्रवाई में कुल 13.75 करोड़ की अघोषित सम्पत्ति उजागर हुई है। शक्तिनगर निवासी यह व्यवसायी पेट्रोलियम उत्पाद व प्रापर्टी व्यवसाय से जुड़ा है। आयकर विभाग ने बुधवार को सीज किया एक लॉकर खोला जिसमें 2 लाख रुपए पाए गए। लॉकर्स की जांच के बाद अब तक विभाग को 1 करोड़ 12 लाख की नकदी व जेवरात प्राप्त हुए हैं। आयकर निदेशक अन्वेषण रणजीतसिंह ने बताया कि लॉकर खोलने के साथ विभागीय जांच पूरी हो चुकी है।
गौरतलब है कि आयकर महानिदेशक प्रकाशचन्द्रा व निदेशक डीएस चौपड़ा के निर्देशन में उदयपुर के अपर आयकर निदेशक व सहायक निदेशक रवीन्द्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेशभर से करीब 65 अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम ने 20 पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के बीच 20-21 सितंबर को शहर के एक बड़े व्यवसायी के यहां की छापा कार्रवाई में करीब 9 करोड़ रुपए मूल्य की अघोषित सम्पत्ति उजागर की थी। पखवाड़े भर से चली रही विभागीय जांच बुधवार को पूरी हुई जिसके बाद अघोषित सम्पत्ति का आंकड़ा बढ़कर 13.75 करोड़ हो गया। विभाग ने व्यवसायी के विभिन्न आवासों व प्रतिष्ठानों में छापे के बाद 60 लाख रुपए नकद व 50 लाख रुपए मूल्य के जेवरात जब्त किए थे।
व्यवसायी का जमीन संबंधी काम, टैंकर, केरोसीन डीलरशिप, सुखेर में पेट्रोल पंप होने के साथ छह आवास शक्तिनगर, केशवनगर, शोभागपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में हैं। पारिवारिक व्यवसाय में घर के कई सदस्य अलग-अलग प्रतिष्ठानों को संभालते हैं।