पटियाला. मशहूर पॉप सिंगर दलेर सिंह मेहंदी के खिलाफ कबूतरबाजी मामले में धोखाधड़ी के आरोप तय कर दिए गए हैं। दलेर मेहंदी के साथ ही उनके भाई शमशेर सिंह मेहंदी, बुलबुल मेहता व ध्यान सिंह के खिलाफ भी धोखाधड़ी के आरोप तय किए गए हैं। यह मामला यहां के जूडीशल मजिस्ट्रेट पी.एस. राय की अदालत में चल रहा है।
कोर्ट ने कहा, गवाहों के बयान और पुलिस फाइल के आधार पर दलेर मेहंदी व अन्य के खिलाफ मामला चलाने को पर्याप्त सबूत हैं, जिनके आधार पर दलेर और उनके भाई के खिलाफ धारा 420, 467, 120बी के तहत चार्ज फ्रेम किए गए हैं। उनके साथी आरोपी बुलबुल मेहता व ध्यान सिंह को आईपीसी की धारा 120बी के तहत आरोपी बनाया गया है। अदालत ने अगली तारीख 3 जनवरी 2008 तय की है। इस पेशी से एवीडेंस विटनेस शुरू होगी।
क्या है मामला बख्शीश सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि दलेर मेहंदी और शमशेर मेहंदी ने उसे अपने म्यूजिकल ट्रूप में शामिल करके विदेश ले जाने का वायदा किया था। विदेश पहुंचने पर उसे वहीं छोड़ दिया जाना था। इसके लिए 10 लाख रुपए मांगे गए थे, जिसकी एक किस्त भी उसने दे दी थी। दोनों भाइयों ने उसके पासपोर्ट पर वीजा लगा होने की फोटोस्टेट कॉपी दिखाकर बकाया पैसे भी ले लिए थे और उसके कुछ रिश्तेदारों को भी इसी तरह जाल में फंसा लिया, लेकिन बाद में आरोपियों ने न तो उसे विदेश भेजा और न ही पैसे लौटाए। पुलिस ने इस शिकायत पर केस दर्ज किया था।
मैनूं रब्ब ते पूरा यकीन है। मैं निर्दोष हां ते समां आण ते एह साबित हो जाउगा। यह केस एक प्रकार से समय की बर्बादी है, कोई भी दोष साबित नहीं होगा। —दलेर मेहंदी