News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. ‘करप्शन मिटाना है तो अपनापन लाओ, क्योंकि अपनों से भ्रष्टाचार नहीं किया जाता। विश्वास करो, विश्वास खो दोगे तो बिजनेस लूज हो जाएगा।’ यह बात बुधवार शाम पीजीआई के भार्गव ऑडिटोरियम में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के संस्थापक श्री रविशंकर ने कही। वे यहां पीएचडी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित सेमिनार ‘भ्रष्टाचार उन्मूलन और व्यापार में सिद्धांतों का महत्व’ विषय पर व्याख्यान दे रहे थे।
श्री रविशंकर ने कहा कि जहां आत्मविश्वास की कमी होगी वहीं भ्रष्टाचार पनपेगा। आईटी के क्षेत्र में आज इसलिए भ्रष्टाचार नहीं है क्योंकि इस क्षेत्र में कार्यरत लोग आत्मविश्वास से लबरेज हैं। आज पति का पत्नी पर और भाई का भाई पर विश्वास नहीं तो अपनापन कैसे आएगा? पहले अपने आप में अपनापन लाओ, फिर समाज में और फिर ईश्वर में।
उन्होंने कहा कि अपनापन लाने के लिए हमें आध्यात्म की ओर जाना होगा। परिवार में इकट्ठे होकर भोजन करना चाहिए। मंदिरों और गुरुद्वारों में लंगर इसीलिए चलता है, क्योंकि इससे अपनापन आता है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों और भ्रष्टाचारियों में कोई अंतर नहीं क्योंकि दोनों में ही अपनापन नहीं। उन्होंने कहा कि भारत में ईमानदार लोगों की कमी नहीं, लेकिन दूसरों में खामियां निकालने वाले भी बहुत हैं। देश में सामूहिक रूप से किए जाने वाले किसी भी काम में सलाहकार ज्यादा आ जाते हैं और काम के बजाय सारा समय अपनी राय मनवाने में ही निकल जाता है, इसलिए यह काम हमें जापान से सीखना चाहिए।
वे अपने लीडर की मानते हैं और उनमें टीम वर्क की भावना ज्यादा होती है। जर्मन से परफैक्शन सीखनी चाहिए। उनका हर काम परफैक्ट होता है। अमेरिका में विश्वास करने योग्य लोग बहुत कम ही बचे हैं, लेकिन उनकी मार्केटिंग जोरदार है इसलिए यह गुण हमें उनसे लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाबियों की वजह से ही आज देश बचा है, लेकिन दुख की बात है कि पंजाबी युवक आज नशा कर रहे हैं।
उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक तरफ वह गांधी जयंती मनाती है और दूसरी तरफ शराब के ठेकों के लिए लाइसेंस देती है। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पवनकुमार बंसल ने भी अपने विचार रखे। इससे पूर्व पीएचडी चैंबर के अध्यक्ष संजय भाटिया ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मेडिटेशन भी कराया गया और जिज्ञासुओं के प्रश्नों के जवाब भी दिए गए।
बादल को कह गए प्रधानमंत्री श्री रविशंकर अपने संबोधन में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को प्रधानमंत्री कह गए और फिर चुटकी लेते हुए कहा कि जबान से निकल ही गया है तो शायद अगली बार प्रधानमंत्री बन ही जाएं। रविशंकर ने कहा कि प्रतिभा पाटिल के लिए भी छह महीने पहले राष्ट्रपति शब्द निकल गया था, जो आज राष्ट्रपति हैं भीं।
सत्संग ने किया मंत्रमुग्ध रात को सेक्टर-4 में आर्ट ऑफ लिविंग का सत्संग किया गया। इसकी शुरुआत गणोश वंदना से हुई। उसके बाद अर्चना ने भगवान श्री कृष्ण से संबंधित भजन गाए। इसके बाद उन्होंने श्री रविशंकर की प्रेज में ‘असां तां तैंनू रब मन्या’ भजन सुनाया जिसे श्रद्धालुओं ने खूब पसंद किया। वासाजी और अन्य लोगों ने भी भजन सुनाए। इस अवसर पर श्री रवि शंकर ने घोषणा की कि 17 अक्टूबर को गरीबी हटाओ मुहिम के तहत शाम 6.00 बजे डीएवी कॉलेज-10 से सेक्टर-17 तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम भी पूछी।