News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. सिटी सेन्टर क्षेत्र में बुधवार की शाम गोली चलने से दहशत फैल गई। गोली यहां स्थित दो बैंकों के स्टाफ के झगड़े में चली। लोगों ने गोली चलाकर दहशत फैला रहे व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी और इसके हाथ से बंदूक छीनकर तोड़ दी। पुलिस ने गोली चलाने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
टीआई विश्वविद्यालय शैलेन्द्र सिंह जादौन के मुताबिक, सिटी सेन्टर क्षेत्र में बुधवार की सुबह ट्रैफिक थाने के सामने स्थित पार्किग से वहां स्थित एक बैंक का वाहन चालक अनिल भदौरिया कार निकाल रहा था, इसी दौरान इसकी कार से एक अन्य बैंक के कलेक्शन मैनेजर रवि शुक्ला की कार से टकरा गई। टक्कर में दोनों कारें कुछ क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों के बीच मुंहवाद हो गया। सुबह बात यहीं समाप्त हो गई।
शाम लगभग साढ़े चार बजे झगड़ा फिर शुरू हुआ। कलेक्शन मैनेजर रवि शुक्ला बैंक से बाहर निकले तो देखा कि अनिल भदौरिया बाहर खड़ा था, इन दोनों के बीच विवाद के बाद हाथापाई होने लगी। यहां अनिल का पिता सूबेदार भदौरिया भी पहुंच गया, इसके पास बंदूक थी।
झगड़े के दौरान ही सूबेदार की बंदूक से दो गोलियां चलीं। गोलियां निशाना बनाकर चलाई गईं या झूमाझटकी में चल गईं। इस बारे में दोनों पक्षों के बयान अलग-अलग हैं। बंदूकधारी सूबेदार सिंह का कहना है कि लोगों ने बंदूक छीनने की कोशिश की, इसी झूमाझटकी में गोली चल गई, जबकि रवि शुक्ला का कहना है कि गोली सूबेदार सिंह ने उन्हें निशाना बनाकर चलाई। बहरहाल, गोली चलने के बाद लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने सूबेदार सिंह के हाथ से बंदूक छीनकर तोड़ दी।
गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और झगड़े में घायल हुए रवि शुक्ला, अनिल भदौरिया, सूबेदार सिंह और टूटी हुई बंदूक को थाने ले आई। पुलिस ने रवि शुक्ला की शिकायत पर सूबेदार सिंह और अनिल भदौरिया के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
टीआई शैलेन्द्र सिंह जादौन का कहना है कि झगड़े में आरोपी पिता-पुत्र को भी चोटें आई हैं, उनका भी मेडिकल परीक्षण कराया गया है। वे शिकायत करते हैं तो उनकी शिकायत पर भी कार्रवाई की जाएगी।