News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior उनाव (दतिया). जिले के उनाव थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम गांव के लोगों ने एक युवक की दौड़ा-दौड़ा कर लाठी व लुहांगी से पीटकर हत्या कर दी। मृतक अपराधिक प्रवृत्ति का था और छेड़छाड़ के एक मामले को लेकर गांववाले उससे नाराज थे। पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला कायम किया है।
जानकारी के अनुसार सड़वारा निवासी 28 वर्षीय कैलाश पुत्र लालाराम अहिरवार से गांव के लोग परेशान थे। बताया जाता है कि मंगलवार के दिन भी कैलाश शराब पीकर गांव में आया और उसने गांव की एक युवती से छेड़छाड़ कर दी। उसकी आदतों से तंग आकर गांव के लोगों ने उसे घेरकर मारा।
इसके बाद कैलाश वहां से फरार हो गया और देर शाम जब कैलाश गांव में पहुंचा तो लाठी, लुहांगी एवं कुल्हाड़ियों से लैस होकर शिशुपाल,चतुरसिंह, मोहर सिंह, बल्ली, सुनील, राकेश, तारा सिंह, सुदामा, देवेन्द्र, कोमल एवं भगवत सभी जाति अहिरवार निवासी सड़वारा उसे मिले और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। गांव वालों की अधिक संख्या देखकर कैलाश ने भागने का प्रयास किया लेकिन गांववाले उसे दौड़ाते रहे और मारते रहे।
जैसे ही भागते-भागते वह सीताराम पाल के खेत में पहुंचा आरोपियों ने उसे चारों ओर से घेरकर उस पर लाठी, लुहांगी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और तब तक मारा जब तक कि उसकी घटना स्थल पर ही मौत नहीं हो गई। पुलिस ने मृतक की बेवा मां रतीबाई पत्नी लालाराम अहिरवार की रिपोर्ट पर सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला कायम किया है।