News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
एकता परिषद के आह्वान पर जल, जंगल और जमीन पर अपना अधिकार मांगने जनादेश यात्रा पर निकले 20 हजार भूमिहीन गरीब, आदिवासियों ने बुधवार को ग्वालियर जिले से विदाई ली। इस अवसर पर परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीवी राजगोपाल ने कहा कि हम लोग इसी तरह मिलकर संघर्ष करेंगे तो सरकार जरूर झुकेगी और हमारी समस्याएं हल होंगी।
प्रखर गांधीवादी बाल विजय ने सि मौके पर कहा कि इस यात्रा में शामिल होकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने सत्याग्रहियों से कहा कि हमें अपना संकल्प पक्का रखना चाहिए। उन्होंने ईश्वर से सत्याग्रहियों को सद्बुद्धि और प्रेरणा प्रदान करने के लिए प्रार्थना भी की।
ग्रामीणों ने की पुष्पवर्षा
ट्रिपल आईटीएम के सामने जलालपुर में पहला पड़ाव तय करने रुके यात्रियों को विदा करते हुए गांव की महिलाओं ने जहां एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीवी राजगोपाल का तिलक कर श्रीफल भेंट किये, वहीं ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर अधिकारों के लिए लड़ रहे शोषितों, वंचितों के संघर्ष का समर्थन किया। जलालपुर चौराहे पर प्रीतम लोधी और रास्ते में गंगा मालनपुर के सरपंच वीरसिंह यादव ने यात्रा की अगवानी की।
एकता महिला मंच ने होटल रितुराज के पास पीवी राजगोपाल की आरती उतारी। इस मौके पर मनीषा बहन, ऊषा बाथम, शकुंतला त्यागी, मधु त्यागी, बिस्मिल्ला खां, बबलू तोमर भी मौजूद थे। पुरानी छावनी स्थित महात्मा गांधी सेवाश्रम के संसाधन केंद्र पर सुनील शर्मा, दीपक शर्मा, पंकज अग्रवाल, रेनू तोमर आदि ने यात्रा की अगवानी की।
सबके लिए खुला है, मंदिर है ये हमारा
जनादेश पदयात्रा के पड़ाव स्थल पर शाम को होने वाली प्रार्थना सभा में एक अलग ही माहौल देखने को मिलता है। प्रसिद्ध गांधीवादी सुब्बाराव जी की प्रार्थना- सबके लिए खुला है, मंदिर है ये हमारा, के स्वर जब गूंजते हैं तो उन्हें दोहराने के साथ ही पदयात्री, दिनभर की यात्रा की थकान भूल जाते हैं।
पांच हजार जोड़ी चप्पल मंगाईं
पदयात्रा में शामिल आदिवासियों में से अधिकांश के पांव में जूते-चप्पल तक नहीं हैं। नंगे पैर रास्ता तय कर रहे लोगों में कईयों के पांव में पहले ही दिन छाले पड़ गये। श्री राजगोपाल ने इन लोगों का हाल देखने के बाद यात्रा की व्यवस्था संभाल रहे साथियों को पांच हजार जोड़ी चप्पलों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिये।
कल सिंधिया करेंगे संबोधित
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 5 अक्टूबर को मुरैना पहुंचकर जनादेश यात्रा में शामिल पदयात्रियों को संबोधित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक श्री सिंधिया दोपहर 2.55 बजे एयर डेक्कन के विमान से ग्वालियर आयेंगे और सड़क मार्ग से मुरैना पहुंचकर यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होंगे।