News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
बुलेट पर सवार आरपीएफ जवानों का साहसिक व रोमांचकारी प्रदर्शन देखकर स्थापना दिवस के कार्यक्रम में मौजूद सभी आगंतुक हतप्रभ रह गए। इस अवसर पर जीएम प्रदीप कुमार ने भी आरपीएफ जवानों की प्रशंसा की।
आरपीएफ के बुधवार को आयोजित 23 वें स्थापना दिवस पर सुबह 7.30 बजे से कार्यक्रम प्रारंभ हो गया था। मुख्य अतिथि श्री कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि आरपीएफ इतिहास के उस क्षण को याद दिलाता है, जब बल को संघ के सशस्त्र बल बनाए जाने की घोषणा की गई थी। उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उड़ीसा और महाराष्ट्र को मिलाकर 2397 किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है।
सर्वोच्च लदान देने के बाद भी इसका परिचालन अनुपात सबसे कम है। इस रेलवे में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन व रेल संपत्ति की सुरक्षा में रेल सुरक्षा बल ने प्रशंसनीय भूमिका निभा रहा है। श्री कुमार ने बताया कि 60 यात्री गाड़ियों की एस्कार्टिग आरपीएफ जवानों द्वारा की जा रही है, जिसके सराहनीय परिणाम भी सामने आए हैं।
उन्होंने बताया कि लगातार आधुनिक सुरक्षा उपाय अपनाए जा रहे हैं। इसी तारतम्य में बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग व गोंदिया स्टेशन में कैमरे लगाए जा रहे हैं। तीनों मंडलों के लिए 78 लाख की लागत से बम विस्फोस्टक व डिस्पोजल यंत्र खरीदने की अनुमति मिल गई है।
श्वान दस्तों के लिए खोजी कुत्ते खरीदे गए हैं। इसके अलावा माइन डिटेक्टर्स, डोर फ्रेम डिटेक्टर्स, कम्यूनिकेशन इक्विमेंटस, कमांडो, लाइट राईट कंट्रोल इक्विपमेंटस खरीदे जाने की जानकारी भी उन्होंने दी। निर्मित नए बैरकों की जानकारी भी उन्होंने दी। श्री कुमार ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में आरपीएफ जवान ट्रेनों और स्टेशनों में अपराध नियंत्रण व्यवस्था लागू करने में और सभी मामलों को सुलझाने में पूर्ण समर्थ होगा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महिला प्लाटून समेत 6 प्लाटूनों ने प्रभावी मार्च पेश किया। इसके बाद आरपीएफ कमांडों के द्वारा डेयर व डेविल शो चालू किया। इस रोमांचकारी और साहसिक करतब के प्रारंभ होते ही सभी हतप्रभ हो गए हैं। बुलेट में 13 जवानों ने अलग-अलग जब अपना प्रदर्शन किया तो सभी की कुछ देर के लिए सांसे थम गई थीं।
वहीं जब एक बुलेट पर एक साथ 13 जवानों ने सवारी की तो मौजूद लोग आश्चर्य चकित हुए बिना नहीं रह सके। वहीं डाग शो ने सभी को बहुत प्रभावित किया। कार्यक्रम में श्री कुमार के अलावा आलाअधिकारियों में अनिल शर्मा, एम खुर्शीद, एमएल राम, केके शर्मा, आरएस डामोर व कुवर पाल सिंह मौजूद थे। इस दौरान रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
स्मारिका का विमोचन भी
जीएम प्रदीप कुमार ने आरपीएफ के संबध में बनाई गई एक पुस्तिका विमोचन भी किया।