अंबाला.
हत्या और बलात्कार के मामले में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरु राम रहीम आज अंबाला की सीबीआई अदालत में पेश हुए। अदालत ने गुरु राम रहीम को अंतरिम जमानत दे दी है। डेरा प्रमुख ने जमानत के लिए पांच-पांच लाख के तीन बांड भरे। डेरा प्रमुख की ओर से नियमित जमानत की अर्जी दाखिल की गई है।
गुरु राम रहीम की ओर से वकीलों ने जमानत की याचिका पेश की गई थी जिसका सीबीआई ने विरोध किया था। उधर, बाबा के समर्थकों का सैलाब अंबाला में उमड़ पड़ा है। विभिन्न जगहों से करीब डेढ़ लाख डेरा समर्थकों का जमावड़ा अंबाला में लगा हुआ है।
अंबाला में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और धारा 144 लागू कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन सचेत हो गया है।अब अदालत इस मामले की सुनवाई 15 अक्टूबर को करेगी।
क्या है हत्या का मामला
रामचंद्र छत्रपति नामक पत्रकार की हत्या के आरोप में डेरा प्रमुख के खिलाफ सीबीआई की तरफ से चार्जशीट दाखिल की गई थी। रामचंद्र छत्रपति एक साप्ताहिक अखबार पूरा सच निकालते थे। चार्जशीट के मुताबिक रामचंद्र छत्रपति के पास डेरा प्रमुख के संबंध में ऐसी सूचनाएं और तस्वीरें थीं जिससे डेरा प्रमुख की साख को गहरा धक्का लग सकता था। वे तमाम सूचनाएं अपने साप्ताहिक अखबार के माध्यम से जनता के सामने लाने वाले थे। जिस सप्ताह डेरा प्रमुख की संदिग्ध गतिविधियों पर खबर छपनी थी उसी सप्ताह उनकी हत्या कर दी गई।