जयपुर. रविवार का दिन, पेट्रोल पंप की जमा राशि और पेचकस। इन तीनों में भले ही कोई मेल नहीं हो, लेकिन जयपुर में इन तीनों ने पुलिस और पेट्रोल पंप मालिकों को चौकन्ना कर दिया है। पिछले दो महीनों में पेट्रोल पंप की राशि पर हाथ साफ करने वालों ने रविवार का ही दिन चुना। इसकी वजह भी खास है। इस दिन बैंकों का अवकाश होने के कारण शनिवार को जमा राशि अधिकांशत: पेट्रोल पंपों पर ही रहती है। पेट्रोल पंप की सुरक्षा भी एक-दो आदमियों के जिम्मे होने से चोरों के लिए आसानी हो जाती है।
रोचक पहलू यह है कि चोर जाते समय अपनी निशानी के तौर पर पेचकस छोड़कर जाता है। जयपुर पुलिस इस गुत्थी को खोल नहीं सकी है कि आखिर कौनसा गिरोह यह सब कर रहा है। कल फिर रविवार है। शहर पुलिस तथा पेट्रोल पंप मालिकों की धड़कनें तेज हो रही हैं। पुलिस को अंदेशा है कि कोई बाहरी गिरोह शहर में सक्रिय है।
दो माह में हुई चार वारदातें गवाह हैं कि बिना शोर-शराबे के केबिन का ताला तोड़कर अंदर रखी जमा राशि सफाई से चोरी हो गई। चोरों ने चाहे कुछ भी निशान छोड़े हों, लेकिन पुलिस इन वारदातों को पंप कर्मचारियों की मिलीभगत के रूप में देख रही है।
वारदात नंबर एक : रविवार, 19 अगस्त
मानसरोवर स्थित अरिहंत फिलिंग स्टेशन से केबिन की दराज में रखे 83 हजार रुपए चोरी हो गए। मौके पर मिला पेचकस। वारदात हुई दिन दहाड़े, आज तक चोरी का राज नहीं खुला।
वारदात नंबर दो: रविवार, नौ सितंबर
सांगानेर इलाके के सेक्टर तीन प्रताप नगर में कृष्णा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से एक लाख 70 हजार रुपए पार। मौके पर फिर मिला पेचकस। वारदात दोपहर 12 से तीन बजे के बीच हुई।
वारदात नंबर तीन, रविवार, 16 सितंबर
पीतल फैक्ट्री के पास मोटर एड पेट्रोल पंप की केबिन में दराज का ताला तोड़ा। पचास हजार की नकदी ले गए। मौके पर मिला सिर्फ पेचकस। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक से कहा- घटना में आपके कर्मचारियों का हाथ हो सकता है, उनसे पूछताछ करो। पीड़ित ने थाने के कई चक्कर लगाए, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ।
वारदात नंबर चार : रविवार का दिन
ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में राजस्थान हाईवे पेट्रोल पंप के केबिन में रैक टूटी मिली। रेक में नकदी नहीं रखी हुई थी, इसलिए चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। पास में पेचकस पड़ा मिला।
कौन हो सकता है:
पुलिस का अंदेशा है कि इसमें किसी ऐसे चोर गिरोह का हाथ हो सकता है, जो साथ में ट्रक लेकर चलता है। वह दिन या रात को ट्रक पंप के पास खड़ा करता है और वारदात कर चल देता है।
..लेकिन इस बार शुक्रवार
इसी माह 5 अक्टूबर, शुक्रवार को जवाहर सर्किल के पास पोद्दार पेट्रोलियम से चोर दिन-दहाड़े दो लाख रुपए ले गए। इस बार भी केबिन में पेचकस पड़ा मिला है।
* पेट्रोल पंपों को रविवार के दिन निशाना बनाए जाने की जानकारी करवाई जा रही है। रविवार को विशेष सतर्क रहेंगे। पी.के. सिंह , पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज प्रथम