जयपुर. गुर्जरों के जेल भरो अभियान के जवाब में रविवार को खाटूश्यामजी में मीणा समाज का सम्मेलन होगा। इसमें प्रदेशभर से मीणा समाज के लोग शिरकत करेंगे। सम्मेलन की तैयारियां कर ली गई हैं।
राष्ट्रीय जनजाति बचाओ संयुक्त संघर्ष संचालन समिति के राष्ट्रीय संयोजक बीएल मीणा ने बताया कि सम्मेलन सुबह 11 बजे से शुरू होगा। अध्यक्षता समिति के राष्ट्रीय संयोजक स्वामी रामेश्वरानंद हरि करेंगे। राज्य के वित्त राज्यमंत्री वीरेंद्र मीणा, विधायक कन्हैयालाल मीणा, खेमराज मीणा व बूंदी के जिला प्रमुख महावीर मीणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने सम्मेलन में भाग लेने की सहमति दे दी है। खाद्य मंत्री किरोड़ीलाल मीणा तबीयत खराब होने के कारण शामिल नहीं होंगे।
समिति का कहना है कि गुर्जरों का जेलभरो अभियान दबाव बनाने का हथकंडा है। यदि उनके हितों पर किसी प्रकार की चोट की गई तो असंतोष भड़कते देर नहीं लगेगी।
समिति के प्रदेशाध्यक्ष रामनारायण नागवा ने बताया कि फिलहाल समाज पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। श्रीनारायण कैमला ने कहा कि मीणा समाज को छोटी सभाओं की जगह ऐतिहासिक महापंचायत की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
हिंडौनसिटी में सभा
हिडौनसिटी के गढ़ीपनवेड़ा में शनिवार को 21 गांवों के मीणा पंच-पटेलों की सभा हुई। अध्यक्षता हरसहाय कैमला ने की। बैठक में तय किया गया कि एसटी आरक्षण से छेड़छाड़ हुई तो मीणा किसी भी हाल में पीछे नहीं रहेंगे।
खाटूनगरी में तैयारियां पूरीं
खाटूश्यामजी में रविवार को होने वाले महासम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में शनिवार को संघर्ष समिति की दांतारामगढ़ तहसील इकाई व स्थानीय इकाई के पदाधिकारियों व सदस्यों की बैठक हुई। इसमें तहसील अध्यक्ष जयनारायण मीणा, भागीरथमल मीणा व मदनसिंह मीणा ने तैयारियों की जानकारी दी। सम्मेलन स्थल पर पंडाल लगा दिया गया है।
शक्ति प्रदर्शन जारी रहेगा
इस महासम्मेलन के बाद भी मीणा समाज शक्ति प्रदर्शन जारी रखेगा। 14 अक्टूबर को करौली में जनजाति सम्मेलन, 28 अक्टूबर को राजगढ़ (अलवर) में सम्मेलन, 11 नवंबर को जयपुर में प्रतिनिधि सम्मेलन, 18 नवंबर को कोटा में जनजाति सम्मेलन होगा। 25 नवंबर को उदयपुर में जनजाति सम्मेलन और दिसंबर माह में जयपुर में महासम्मेलन होगा।