जयपुर/नई दिल्ली. एसटी आरक्षण की मांग को लेकर राजस्थान में पिछले पांच दिनों से आंदोलनरत गुर्जरों के समर्थन में शनिवार को नई दिल्ली में प्रदर्शन किया
गया। अखिल भारतीय गुर्जर संघर्ष समिति के संरक्षक विधायक रामवीरसिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में गुर्जरों ने भाजपा मुख्यालय व आनंद विहार क्षेत्र में दूध बहाकर व सड़क जाम कर विरोध जताया। कई इलाकों में दूध की सप्लाई प्रभावित हुई।
उधर जेलों में गुर्जर बंदियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने के खिलाफ शनिवार को भी प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन हुए। शनिवार को राज्य में 7013 लोग जमानत पर छूटे। जेलों में अब 39909 बंदी रह गए हैं। हिंडौन में बंद के दौरान आंदोलनकारियों ने रेल पटरियों की फिश प्लेटें निकाल दीं। बिजलीघर में तोड़फोड़ की। आंदोलनकारी युवकों ने हिंडौन-महवा राजमार्ग पर और टोंक बरवास मार्ग 4 घंटे जाम कर दिया। भीलवाड़ा में अस्थायी जेल से 11 बंदी भाग गए।
इधर, जेल भरो आंदोलन के बाद पहली बार सरकार ने गुर्जरों से आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से खत्म करने और चोपड़ा कमेटी की रिपोर्ट आने तक इंतजार करने की अपील की।
हिंडौन में गुर्जरों ने शनिवार को बंद का आह्वान किया था। प्रदर्शनकारी युवकों ने सवेरे 9 बजे ही स्कूलों की छुट्टियां करवा दीं। इसके बाद कस्बे के बाजार बंद करवा दिए गए। दोपहर में इन युवकों में उपखंड कार्यालय पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का पुतला फूंका और प्रदर्शन किया। महुवा में पुलिस ने शुक्रवार को की गई तोड़फोड़ के मामले में 11 जनों को गिरफ्तार किया है। जमवारामगढ़ में भी तहसील पर प्रदर्शन कर ढाई घंटे तक धरना दिया।
दौसा जिले के दुब्बी में लोगों ने स्वास्थ्य चेतना शिविर में मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री के पोस्टर और टैंट फाड़ दिए। सांभर के पास अस्थायी जेल में गुर्जर बंदियों ने शनिवार को अव्यवस्थाओं के विरोध में खाना-पीना छोड़ दिया।
भाजपा करेगी गुर्जर बंदियों की देखभाल:
जेलों में बंद गुर्जर बंदियों की देखभाल का जिम्मा अब भाजपा पदाधिकारियों ने लिया है। भाजपा महामंत्री रामपाल ने बताया कि सभी जिला अध्यक्षों को उनके जिलों में गुर्जर बंदियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं को दूर कराने के लिए कहा गया है।
एसडीओ कार्यालय में गायें घुसाई
भरतपुर जिले के कुम्हेर में गुर्जर आरक्षण आंदोलन को लेकर शनिवार को समाज की महिलाओं ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री वसुंधराराजे का पुतला जलाया। रतीदेवी के नेतृत्व में इन महिलाओं ने एसडीओ को राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया। इससे पहले महिलाओं ने गायें एसडीओ कार्यालय में घुसा दीं, जिससे वहां कुछ देर अव्यवस्थाएं रहीं।
अलवर में गिरफ्तारियां दीं
अलवर जिले में शनिवार को आरक्षण की मांग के समर्थन में 581 लोगों ने गिरफ्ताररियां दी। पुलिस ने बाद में इन्हें दूर ले जाकर छोड़ दिया।
चोपड़ा कमेटी ने तेज किए दौरे:
जनजाति में आरक्षण की मांग पर सुनवाई कर रही जस्टिस चोपड़ा कमेटी ने राज्य के विभिन्न इलाकों में दौरे तेज कर दिए हैं। रविवार को यह कमेटी नीमकाथाना क्षेत्र में आठ गांवों का दौरा करेगी।
बैसला को नहीं मना पाए रामपाल
भाजपा महामंत्री रामपाल जाट ने अजमेर सेंट्रल जेल में बंद कर्नल किरोड़ीसिंह बैसला से बातचीत की। जाट ने बैसला से करीब 50 मिनट बात की। इस दौरान उन्होंने बैसला से शांति बनाए रखने और आंदोलन को समाप्त करने की अपील की। बैसला आंदोलन समाप्त करने को राजी नहीं हुए।
अब पशुओं की गिनती में जुटी सरकार
गुर्जर आरक्षण आंदोलन की अगली कड़ी में महिलाओं के पशुओं सहित गिरफ्तारी देने की चेतावनी के बाद सरकार पशुओं की गणना में जुट गई है। नागौर जिला प्रशासन के अनुसार सरकार ने जिले में पशुओं की संख्या के आंकड़े मांगे हैं।