HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

वीसी की केंद्र की राजनीति की इच्छा

रायपुर. वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल ने कांग्रेस प्रवेश के कुछ दिन बाद ही पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी पर निशाना साध लिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिला, तो पहले की तरह राज्य की सत्ता अवांछित हाथों में नहीं जाने देंगे।

करीब चार साल बाद कांग्रेस के झंडे तले हुई प्रेस कांफ्रेंस में श्री शुक्ल ने स्पष्ट किया कि उनके पार्टी छोड़ने की वजह से नेतृत्व नाराजगी नहीं थी। इसके लिए तब सरकार चला रहे कांग्रेस के स्थानीय नेता जिम्मेदार थे। तत्कालिक परिस्थितियों की वजह से उन्हें यह कदम उठाना पड़ा था। अब हालात वैसे नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि श्री जोगी से दूरी की वजह से श्री शुक्ल ने कांग्रेस छोड़ दी थी।

राधेश्याम भवन में पत्रकारों से बातचीत में श्री शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस में एकता उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए पूरा जोर लगा देंगे। श्री जोगी के साथ मतभेदों की ओर ध्यान आकृष्ट कराए जाने पर उन्होंने कहा कि हम ही नहीं लड़ेंगे, तो कोई कितना लड़ेगा।

विधानसभा चुनाव के बाद श्री जोगी फिर सत्ता में आए तो क्या करेंगे? इस सवाल पर श्री शुक्ल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे, लेकिन पूरी कोशिश करेंगे कि सत्ता अवांछित हाथों में न जा पाए।

श्री शुक्ल ने यह मानने से इनकार किया कि उनकी श्री जोगी से व्यक्तिगत लड़ाई है। साथ ही यह भी दोहराया कि पार्टी में एकता स्थापित करने के लिए किसी प्रकार के समझौते की पहल की आवश्यकता नहीं है। पार्टी हित में काम करते रहने से यह अपने आप हो जाएगा।

जग्गी हत्याकांड की वजह से श्री जोगी से उभरे मतभेद और सतीश जग्गी को मदद किए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि सतीश जग्गी पारिवारिक भावना के तहत कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्हें कोई मदद नहीं कर रहा है। कानूनी मामलों में बाहरी मदद काम भी नहीं आती।

श्री जोगी प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री नारायण सामी को लेकर आ रहे हैं, इसका जिक्र छिड़ने पर श्री शुक्ल ने कहा कि श्री सामी पार्टी के महासचिव हैं और श्री जोगी स्थायी आमंत्रित नेता। जाहिर है, श्री सामी ही श्री जोगी को लेकर आएंगे।

एनसीपी में गए समर्थकों को कांग्रेस में लाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी पर दबाव नहीं डाला जा रहा है। सब अपना निर्णय करने के लिए स्वतंत्र हैं। जो आना चाहें, उनका स्वागत है। जो नहीं आना चाहते, उन पर दबाव नहीं डाला जाएगा। श्री शुक्ल ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की रमन सरकार वायदे पूरे नहीं कर पा रही है। सरकार की कार्यप्रणाली से लोग नाराज हैं।

विधायक समय मांग रहे
श्री शुक्ल ने कहा कि विधायक भी प्रदेश कांग्रेस संगठन के साथ हैं। उनके स्वागत से दूर रहे विधायकों के बारे में श्री शुक्ल ने कहा कि कई विधायक उनसे मिलने का समय मांग रहे हैं।

पद के लिए क्लेम नहीं :
श्री शुक्ल ने स्पष्ट किया कि उनका किसी पद के लिए कोई क्लेम नहीं है। पार्टी जो निर्देश देगी, उसके अनुरूप वे काम करेंगे। वैसे उन्होंने लगातार केंद्र की राजनीति की है। इसलिए इरादा केंद्र में ही काम करने का रहता है।

बीजेपी में अंधेरे कुएं की तरह रहा :
श्री शुक्ल ने कहा कि भाजपा में वे बहुत थोड़े समय के लिए रहे। वहां लगता था कि अंधेरे कुएं में हैं। मौका मिला और बाहर निकल आया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: