News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
राजधानी से लगे सरोना स्टेशन के पास पटरियों का घुमाव कम करने का काम शनिवार को सुबह 4 बजे से शुरू हुआ और चार घंटे बाद यानी सुबह 8 बजे रेलवे ट्रैफिक ब्लाक कर दिया गया। शाम 5 बजे तक चले मेगा ब्लाक के दौरान सात लोकल और पैसेंजर ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं, जो दैनिक रेलयात्रियों की लाइफ लाइन हैं।
रायपुर स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। रोजाना रायपुर आने-जाने वाले करीब 10 हजार से ज्यादा रेलयात्रियों को टैक्सियों से सफर करना पड़ा। सिर्फ एक लाइन चालू थी। सभी ट्रेनें उसी से गुजारी गईं, इसलिए घंटों लेट रहीं।
अमृतसर से भोपाल होकर आने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सबसे पहले प्रभावित होने वाली एक्सप्रेस थी, जो रायपुर लाई ही नहीं गई। शहर के मुसाफिरों को सरोना में उतारकर यह ट्रेन सुबह 9.50 बजे उरकुरा बाइपास लाइन से सीधे बिलासपुर भेज दी गई।
इसी के साथ मुसाफिरों की तकलीफें शुरू हो गईं। बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, भिलाई, चरोदा के अलावा छोटे स्टेशनों के करीब 40 हजार से ज्यादा मुसाफिर दिनभर परेशान रहे। इनमें से कुछ एक्सप्रेस और सुपरफास्ट में चढ़ गए, इसलिए उनमें पांव रखने की जगह नहीं बची। रायपुर से दुर्ग के बीच एक घंटे का सफर तय करने में फास्ट ट्रेनों को भी दो से तीन घंटे लग गए।
मेगा ब्लाक क्यों
सरोना के बाद करीब वाय शेप का रेलवे ट्रैक है। इस ट्रैक से गुजरने से पहले ही ट्रेनें धीमी कर दी जाती हैं। इस वजह से अमूमन हर ट्रेन का 20-25 मिनट बर्बाद होता है। इस शेप को सीधा करने के लिए रेलवे ने मेगा ब्लाक किया। पुराना ट्रैफिक उखाड़कर रेलवे ने नए सिरे से लाइन बिछाई। इस लाइन पर ट्रेन चलाकर जांच की गई। इसके बाद ट्रैक खोल दिया गया।
रास्ते में रोकीं
मुंबई से दोपहर 2.30 बजे रायुपर आने वाली कुर्ला-हावड़ा समरसता एक्सप्रेस को राजनांदगांव और दुर्ग स्टेशनों पर रोके रखा गया। दोपहर 2.45 बजे आने वाली पुणो-हावड़ा आजादहिंद सुपरफास्ट और शाम 4 बजे आने वाली मुंबई-हावड़ा मेल सुपरफास्ट करीब दो घंटे दुर्ग स्टेशन पर खड़ी रही।
हावड़ा मेल दो घंटे, रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी एक घंटा, बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी और हावड़ा-पुणो आजादहिंद दो-दो घंटे लेट रहीं। दोपहर 1.30 बजे हावड़ा से आने वाली अहमदाबाद सुपरफास्ट तीन घंटे, शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस आधा घंटे, हावड़ा-पोरबंदर सुपरफास्ट चार घंटे लेट आई। दुर्ग से आने वाली दुर्ग-गोरखपुर एक्सप्रेस एक घंटा, सारनाथ एक्सप्रेस एक घंटा, अमरकंटक सुपरफास्ट आधा घंटा लेट हुईं।
ट्रेनें रद्द
डाउन लाइन
कहां से कहां
10 डीआर दुर्ग-रायपुर लोकल दुर्ग-रायपुर
229 दुर्ग-विशाखापटनम पैसेंजर दुर्ग-रायपुर
356 गोंदिया-झारसुगड़ा पैसेंजर राजनांदगांव-बिलासपुर
376 नागपुर-रायपुर पैसेंजर दुर्ग-रायपुर
2856 रायपुर-नागपुर दुर्ग-रायपुर
इंटरसिटी एक्सप्रेस
अप लाइन
9 आरडी रायपुर-दुर्ग लोकल रायपुर-दुर्ग
230 विशाखापटनम-दुर्ग पैसेंजर रायपुर-दुर्ग
2855 नागपुर-रायपुर इंटरसिटी रायपुर-दुर्ग
355 झारसुगड़ा-गोंदिया पैसेंजर बिलासपुर-राजनांदगांव