HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

हथियार तस्करी में भी होगा नामजद

अजमेर. हथियार तस्करों के तार मध्यप्रदेश के धार और देवास जिले के अपराधियों से जुड़े हैं। तस्करों के सरगना बाबूराम को हथियारों की खेप इन्हीं इलाकों से मिलती थी। शनिवार को पुलिस दल मध्यप्रदेश रवाना हो गया। पुलिस ने अभियुक्तों के बयान के आधार पर ब्लैकमेल कांड के आरोपी नफीस चिश्ती को भी नामजद करने का फैसला किया है। इधर अभियुक्तों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार हथियारों सहित पकड़े गए पन्नीग्रान चौक निवासी शाहिद, पीर रोड शीशा खान निवासी कमल रेगर और ट्राम्बे स्टेशन निवासी कालू ने खरीददारों के नाम बताएं हैं। इस आधार पर पुलिस दल हथियारों की बरामदगी में जुटा है। शनिवार को अभियुक्तों को साथ लेकर पीर रोड, ट्राम्बे स्टेशन और आस-पास के इलाकों के चार मकानों की तलाशी ली गई, इन जगहों पर हथियार बरामदगी की उम्मीद थी।

डीएसपी शिल्पा चौधरी ने बताया कि आरोपियों से उनके नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। जालसू निवासी कुख्यात अपराधी बाबूराम से हथियार सप्लाई होने का खुलासा हुआ है।

जेल में बंद नफीस चिश्ती के इशारे पर बाबूराम ने अजमेर में हथियार खपाने के लिए शाहिद, कालू, कमल और अन्य लोगों को माध्यम बनाया था। मध्यप्रदेश पुलिस से धार और देवास शहरों में अवैध हथियारों के कारोबार में लिप्त अपराधियों के बारे में ब्यौरा मांगा गया है। पुलिस दल शनिवार को एमपी रवाना हो गया।

सरगना हिरासत में!
पुलिस ने देर रात गिरोह के सरगना नागौर के जालसू खुर्द निवासी बाबूराम को पकड़ने का दावा किया है। उससे हथियारों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार बाबूराम सहित पांच अन्य को भी हिरासत में लिया गया है। इनमें हथियार खरीदने वाले लोग शामिल हैं। बाबूराम से अवैध हथियार की बड़ी खेप बरामद होने की उम्मीद है।

उधर, अभियुक्तों के बयान के आधार पर पुलिस नफीस को भी नामजद करने की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुख्ता साक्ष्य व गवाह जुटाए जा रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: