अजमेर. फॉयसागर रोड, शिव मंदिर इलाके की छह वर्षीय बच्ची पड़ोस में रहने वाले एक अधेड़ की हैवानियत की शिकार होने से बाल-बाल बच गई। अधेड़ बच्ची को
कोटड़ा इलाके में सुनसान स्थान पर ले गया और शराब पिलाने की कोशिश की। मना करने पर उसने बच्ची को पीट डाला। उसके शरीर पर काटने और खरोंच के निशान मिले हैं। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
फॉयसागर रोड निवासी किशनसिंह ने गुरुवार शाम को आनासागर चौकी पर शिकायत दी कि उसका पड़ोसी ऑटो रिक्शा चालक मुन्नालाल (45) पुत्र भगवान सिंह मकान के बाहर खेल रही उसकी छह वर्षीय पुत्री और खुद के भतीजे करण को ऑटो में बैठा कर ले गया। वह शराब के नशे में धुत्त होकर दोनों बच्चों को काफी देर तक इधर-उधर घुमाता रहा। इसके बाद उसने कोटड़ा इलाके में सुनसान जगह पर ऑटो रोका और बच्ची को झाड़ियों के पीछे ले जाकर ज्यादती की कोशिश की।
महिला के शोर मचाते ही भागा
बच्ची के रोने पर वहां से बकरियां लेकर गुजर रही महिला ने उसे देख लिया और शोर मचा दिया। इसपर ऑटो चालक बच्ची को छोड़कर भाग गया। लोगों ने दोनों बच्चों को उनके घर पहुंचाया। बच्ची के शरीर पर दांत और कांटों से खरोंच के निशान मिले हैं। बच्ची का मेडिकल मुआयना कराया गया है।
थाना प्रभारी राजेन्द्र त्यागी के मुताबिक बच्ची ने बताया कि मुन्नालाल ने उसे शराब पिलाने की कोशिश भी की थी। प्रत्यक्षदर्शी महिला ने भी ज्यादती की कोशिश की पुष्टि की है। पुलिस ने आरोपी के भतीजे करण के भी बयान लिए हैं। शनिवार को आरोपी मुन्नालाल खिलाफ भादंसं की धारा 376, 511 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
नशे में होश खो बैठा
आरोपी मुन्नालाल ने बयान दिया कि वह नशे में वह होश खो बैठा था। उसने बच्ची को पीटा भी था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल की तस्दीक की और गवाहों से उसकी शिनाख्त कराई।