HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

लोगों का प्रदर्शन आशियाने जलाए, वाहन फूंके

जैसलमेर. छत्रेल गांव के पास 1 अक्टूबर को हुए 22 गायों के सामूहिक हत्याकांड के विरोध में शनिवार को आहूत जैसलमेर बंद के दौरान कई जगह भीड़ बेकाबू हो गई। एक बस्ती में एक दर्जन झोंपड़ों में आग लगा दी। इसके अलावा वाहनों को भी आग के हवाले करने के साथ तोड़-फोड़ की गई। जैसलमेर नगरपालिका क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है। जिले के प्रभारी मंत्री नरपतसिंह राजवी ने शाम को मौके पर पहुंचकर हालात की जानकारी ली। आईजी एनआरके रेड्डी भी जैसलमेर पहुंच गए हैं। देर रात हुई बैठक में विभिन्न समाजों से शांति बनाएं रखने की अपील की गई है। उधर, गोहत्या के विरोध में बाड़मेर का धोरीमन्ना कस्बा भी बंद रहा।

घटना के विरोध में शनिवार को सत्यदेव व्यास पार्क में सुबह से ही लोग एकत्र होने लगे थे। करीब 6 हजार लोग साढ़े ग्यारह बजे यहां से मौन जुलूस के रूप में रवाना हुए। इसका नेतृत्व राजस्थान गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महाराज प्रतापपुरी कर रहे थे। उन्हें सीमाजन कल्याण समिति, विश्व हिन्दू परिषद, शिव सेना व व्यापार संघ का भी समर्थन प्राप्त था।

जुलूस के कलेक्ट्रेट पहुंचने पर महाराज प्रतापपुरी, विधायक सांगसिंह भाटी, शिव विधायक जालमसिंह रावलोत व पूर्व विधायक किशनसिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को गो हत्याकांड के अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। बाद में प्रतापपुरी महाराज ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि धर्म, गाय और राष्ट्र के लिए भारी संख्या में लोगों का एकत्र होना उनकी जागरूकता का प्रतीक है।

झोंपड़े जलाए वाहनों में तोड़फोड़
दिनभर शांत रहे जिले के हालात अचानक दोपहर बाद बिगड़ने लगे। जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित केशुओं की बस्ती में एक दर्जन झोंपड़ों में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। इसी के साथ मदरसा रोड पर एक ट्रक व कार में भी तोड़फोड़ हुई। एक यूटिलिटी वाहन को जला दिया गया। यूनियन चौराहे पर टायरों की दुकान सहित बाहर रखे टायरों में आग लगा दी। रीको कॉलोनी में एक ट्रक को भी आग के हवाले कर दिया।

लौटते बंद समर्थकों के साथ की मारपीट
भास्कर न्यूज. जैसलमेर मुख्यालय पर आयोजित बंद में भाग लेकर लौटते बंद समर्थकों पर भागू का गांव-चांधन के बीच में मारपीट की गई। जिसमें तीन नवयुवक घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यालय से भादरिया लौट रहे बंद समर्थक जब भागू का गांव फांटे से आगे निकल रहे थे तब वहां पहले से खड़ी दो तीन गाड़ियों ने बंद समर्थकों का पीछा किया और चांधन से कुछ दूर पहले उनके साथ मारपीट की। इस मारपीट में भादरिया निवासी सांवलसिंह पुत्र प्रयागसिंह के गंभीर चोट आई और उन्हें चार टांके लगवाने पड़े। इस मारपीट में देवीसिंह और हीरसिंह के मामूली चोटें आई है।

* जैसलमेर पालिका क्षेत्र में 12 अक्टूबर की मध्यरात्रि तक के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है। जो भी व्यक्ति सांप्रदायिक सद्भाव को क्षति पहुंचाने कोशिश करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-विनोद पंड्या, जिला कलेक्टर, जैसलमेर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: