इंदौर/नई दिल्ली.
स्वदेशी मिल की जमीन की बिक्री रुकवाने के लिए दिल्ली पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को रेलमंत्री ने बताया मामला रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी को सौंपा जा रहा है। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह ने सर्वदलीय एकता को सराहा और पूरी मदद का भरोसा दिलाया। उनसे मिलने पहुंचे नेताओं में केंद्रीय राज्यमंत्री सुरेश पचौरी और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल थे।
अभ्यास मंडल के बैनर तले सांसद सुमित्रा महाजन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शनिवार सुबह 10.50 बजे प्रधानमंत्री से मिला। उन्होंने बताया जमीन का उपयोग रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए ही होना चाहिए। जमीन एनटीसी की मिल्कियत है जिसे रेल मंत्रालय खरीदकर रेलवे स्टेशन, यार्ड, रेलवे कॉलोनी और आरक्षण केंद्र बना सकता है।
कोच फैक्टरी भी डल सकती है। इंदौर की बंद एनटीसी मिलों की जमीन बिक्री के धन से बुरहानपुर व भोपाल की मिलों का जीर्णोद्धार होगा इसलिए राज्य सरकार ने बेचने की इजाजत दी थी। श्री पचौरी ने बताया बीआईएफआर के निर्णय के मुताबिक प्रदेश की दोनों मिलों के नाम सुधारी जाने वाली मिलों की सूची में नहीं हैं।
प्रधानमंत्री भी चौंके, कहा- यह तो बड़ा नुकसान है
श्री ंिसंधिया ने बताया अभी इंदौर में नौ एकड़ का एक प्लॉट 270 करोड़ रुपए में बिका। उस मान से इसकी कीमत 400-500 करोड़ रुपए होना चाहिए जबकि सबसे बड़ा ऑफर 90 करोड़ का आया है। इस पर प्रधानमंत्री चौंककरबोले यह तो बड़ा नुकसान है। अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कपड़ा व रेल मंत्रालय से चर्चा कर निर्णय कराएंगे।
लालू बोले- केंद्र की जमीन है तो फिर कोई दिक्कत नहीं आएगी
रेलमंत्री लालूप्रसाद यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शहर की जनता जैसा चाह रही है वैसा ही निर्णय लेने की कोशिश करेंगे। मामला परीक्षण के लिए रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी को सौंपने का आदेश भी उन्होंने दिया। जब प्रतिनिधिमंडल श्री यादव से मिला तब रेलवे बोर्ड के चेअरमैन के.सी. जैना भी मौजूद थे।
मंत्री ने उनसे कहा आप इनकी समझो और मदद का रास्ता निकालो। श्रीमती महाजन ने श्री जैना को सारी जानकारी दी तो उन्होंने मंत्री से कहा हम रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी को मामला सौंपकर जमीन की उपयोगिता का परीक्षण करवा लेते हैं।
श्री यादव को बताया जमीन केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के अधीन ही है तो उन्होंने कहा हम उनसे सीधे बात कर कोई हल निकालेंगे। मंत्री ने बोर्ड अध्यक्ष को जल्दी ही एक टीम इंदौर भेज परीक्षण कराने को कहा।
अमृतसर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने आएंगे लालू
रेलमंत्री ने श्रीमती महाजन के प्रस्ताव को स्वीकारते हुए कहा वे अमृतसर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने इंदौर आएंगे।
कौन-कौन था प्रतिनिधिमंडल में
प्रतिनिधिमंडल में विधायक सज्जनसिंह वर्मा, अश्विन जोशी, उषा ठाकुर, महेंद्र हार्डिया, पूर्व सांसद कल्याण जैन, कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन, शोभा ओझा, कृपाशंकर शुक्ला, तुलसी सिलावट, ललित जैन, भाजपा महामंत्री उमेश शर्मा, समाजवादी नेता रामबाबू अग्रवाल, अभ्यास मंडल के सचिव शिवाजी मोहिते, अशोक कोठारी व अभय दुबे, जीवन साहू, अशोक डागा, सुधीर देड़गे व संदीप पारे शामिल थे।