HomeNewsRajasthanKota Kota

वर्दी पुलिस की, काम अर्दली का

कोटा. अपने पद का दुरुपयोग करते हुए पुलिस व प्रशासन के अधिकारी अपने घरों पर पुलिस कांस्टेबलों को तैनात कर लेते हैं। जो उनके घर पर अर्दली (सेवक) के guardरूप में काम करते हैं। घर में खाना बनाने से लेकर पशुओं की देखभाल करना और मैडम को बाजार घुमाने से लेकर बच्चों को स्कूल तक छोड़ने की जिम्मेदारी उनकी होती है।

कई पुलिस कांस्टेबल तो सालों से इस काम में लग रहे हैं उन्हें कभी थाने में तैनात होकर अपनी वर्दी का सही उपयोग करने का मौका नसीब ही नहीं होता है। जबकि, नियमानुसार केवल आईएएस व आईपीएस अधिकारी (कमिश्नर, कलेक्टर, आईजी व एसपी) को छोड़कर कोई भी अन्य अधिकारी अपने घर व कार्यालय में अर्दली नहीं रख सकते। ये अधिकारी भी केवल अपने कार्यालय में ही अर्दली रख सकते हैं, घरों पर नहीं।

अर्दली भी साथ ले जाते हैं अफसर
अर्दली रखने का शौक पुलिस अधिकारियों को इतना जबरदस्त है कि कोटा में तैनात कई अधिकारी यहां से स्थानांतरित होते समय अपने अर्दली को भी साथ ले जाते हैं। उनकी ड्यूटी पुलिस लाइन कोटा में दिखाई जाती है लेकिन, वे काम अन्य शहरों में तैनात अधिकारियों के घरों पर करते हैं। पूर्व आईजी अपने साथ एक जवान को ले गए जो एक वर्ष बाद वापस लौटा। पिछले दिनों यहां से गए एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के जयपुर में निर्माणाधीन मकान की चौकीदारी के लिए कोटा का कांस्टेबल तैनात कर रखा है।

क्या है आदेश
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय)ने एक आदेश जारी किया था। जिसमें स्पष्ट लिखा है कि- प्राय: देखने में यह आता है कि कार्यरत व सेवानिवृत्त अधिकारियों के यहां कार्य कर रहे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी कहीं ओर होती है और वे काम अधिकारियों के घरों पर करते हैं। यह परंपरा कतई अवांछनीय है इसको रोका जाना चाहिए।

समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए जाते हैं कि उक्त बिंदु की पूर्णरूपेण कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिए जाते हैं कि सेवारत पुलिस अधिकारियों, शहर से बाहर पदस्थापित पुलिस अधिकारियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं पुलिस संगठन से अलग अन्य संगठनों में पदस्थापित पुलिस अधिकारियों को अर्दली, कच्चे लांगरी की अनाधिकृत सुविधा प्रदान नहीं की जाए।

जांच करवाएंगे : एसपी
शहर पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य के अनुसार पुलिस अधिकारियों के यहां अर्दली रखने के नियम है। नियम के अनुसार ही अर्दली रखे गए हैं। यदि नियमविरुद्ध किसी के यहां जवान लगे हुए है तो इसकी जांच करवाई जाएगी।

अब महिला पुलिसकर्मी भी होंगी क्वार्टर गार्ड
पुलिस लाइन में क्वार्टर गार्ड पर महिला पुलिसकर्मियों को लगाया जा रहा है। इससे पहले सालों से पुरूष पुलिसकर्मी की ही तैनाती की जाती थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: