कोटा. गुर्जर आरक्षण आंदोलन से निबटने के लिए पुलिस प्रशासन गृह विभाग के आदेश पर नई रणनीति बनाई है। इसे शनिवार से लागू भी कर दिया गया है। इसके तहत अधिकारियों ने शहर के विभिन्न थानों में तैनात कई पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन में आमद करवाने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही यह भी निर्देश दिए है कि आंदोलन से संबंधित किसी भी कार्य के लिए उनकी ड्यूटी नहीं लगाई जाए। शहर के महावीर नगर, कुन्हाड़ी, गुमानपुरा व यातायात शाखा में करीब एक दर्जन ऐसे पुलिस अधिकारी व जवान तैनात है जिन्हें इस आदेश के बाद पुलिस लाइन में जाना पड़ेगा। इस आदेश के बाद शनिवार की शाम को महावीर नगर थाने के तीन पुलिसकर्मियंो ने तो लाइन में आमद करवा ली लेकिन, शेष लाइन में नहीं पहुंचे।
नेम प्लेट हटाई
कोटा। अन्य जाति विशेष के जिन अधिकारियों को तैनात कर रखा है उन्होंने वर्दी पर लगी नेमप्लेट हटा दी है। ताकि किसी को उनकी जाति के संबंध में पता नहीं चल सके।
आरआई के पद पर डीएसपी को लगाया
कोटा। आंदोलन के दौरान आदेशों की अवहेलना करने पर पुलिस लाइन के प्रशासनिक अधिकारी रिजर्व इंस्पेक्टर के पद से मुन्ना अली को हटाकर आरएसी में तैनात डीएसपी हर्ष कोठारी को तैनात कर दिया गया है। एएसआई मुन्ना अली लाइन आफिसर है लेकिन, आरआई का पद रिक्त होने के कारण लंबे समय से उन्हें इस पद पर लगा रखा था।
* रणनीति तो बनती रहती है। आंदोलन को उग्र होने से रोकने व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए योजनाएं बनाई जा रही है।
—राजेश आर्य, पुलिस अधीक्षक