News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. अवैध मकानों से कब्जा हटाने गए निगम कर्मचारियों को आज पत्थर मारकर भगा दिया गया। नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ता शनिवार को देवरीखुर्द स्थित अटल आवास में जबरिया कब्जा कर वहां रहने वालों को मकान से खदेड़ने गया था। निगम के कर्मचारियों ने दोपहर साढ़े बारह बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच प्रयास कर 30 मकान खाली कराए।
हालांकि उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आसानी से कोई मकान खाली करने तैयार नहीं था, जबकि वहां वे लोग जबरिया अवैध रूप से निवास कर रहे थे। मकानों में ताले लगे होने व महिलाओं के कड़े विरोध के कारण प्रयास करने के बाद भी निगम के कर्मचारियों को 28 मकानों को खाली कराने में सफलता नहीं मिली। जब विरोध बढ़ने लगा तो प्रभारी अधिकारी सीके मानिक लौट गए।
जब कर्मचारी काउ केचर से लौट रहे थे, तो अचानक महिलाओं ने वाहन में सवार कर्मचारियों के ऊपर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। किसी तरह कर्मचारी वहां से भाग निकलने में कामयाब हुए। हालांकि किसी भी कर्मचारी को कोई गंभीर चोट नहीं पहुंची, लेकिन वे बुरी तरह डर गए कि कहीं वाहन रोककर महिलाएं उनकी पिटाई न कर दें। सोमवार को फिर से वहां मकान खाली कराने कर्मचारियों को जाना होगा।
ऐसे में उनकी मानसिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि अटल आवास का निर्माण गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वालों के लिए किया गया है। देवरीखुर्द में 400 मकान बनाए गए हैं, जिनमें से 150 का आबंटन कलेक्टर ने हितग्राहियों को कर दिया है।
प्रत्येक मकान की लागत 60 हजार रुपए है। 30 हजार रुपए शासन द्वारा बतौर अनुदान हितग्राही को दिया जा रहा है, जबकि शेष राशि 15 वर्षो में प्रतिमाह साढ़े तीन सौ रुपए के हिसाब से हितग्राही को देनी होगी। निगम को शिकायत मिली थी कि 58 मकानों पर अवैध रूप से लोगों ने कब्जा कर रखा है।