HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

‘केन्द्र से हर संभव सहयोग दिलाएंगे’

ग्वालियर.raje भाजपा सांसद यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर व्यापार मेले की देश में अलग पहचान है, मेले का और विस्तार हो, इसका सौंदर्य बढ़े, इसके लिए केन्द्र सरकार से जिस सहयोग की आवश्यकता हो, उसके लिए वह हमेशा प्रयासरत रहेंगी।

यशोधरा राजे ने ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के संचालक मंडल की 25वीं बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मेले को और आकर्षक बनाए जाने के प्रयास किए जाएं।

ऑटो मोबाइल मेले के आयोजन हेतु मेला प्राधिकरण संबंधित ऑटो कंपनियों से चर्चा करे, सैलानियों के मनोरंजन हेतु और अच्छे सांस्कृतिक कार्यक्रम कराएं। मेले को लाभकारी बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

बैठक के प्रारंभ में यशोधरा राजे का मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुराग बंसल, उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शिवहरे आदि ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके साथ ही वर्ष 2007-08 में कराए जाने वाले लगभग चार करोड़ रुपए के नवीन विकास कार्यो पर चर्चा हुई।

बैठक में वृन्दावन गार्डन के विकास हेतु 1 करोड़, ग्रामीण खेलकूद और दंगल स्टेडियम के निर्माण हेतु 50 लाख, कुसुमाकर रंगमंच पर लोहे के एंगल लगाकर टीनशेड से कवर किए जाने एवं बाउन्ड्रीवाल के निर्माण तथा संधारण कार्य हेतु 50 लाख, मृगनयनी उद्यान में एक हॉल व 4 बड़े कमरों के निर्माण हेतु 35 लाख,मप्र एक्सपोर्ट फेसिलिटेशन सेंटर में शेष कार्यो एवं संधारण कार्यो पर व्यय हेतु 20 लाख, मेला परिसर में दुकानों/ चबूतरों की मरम्मत एवं संधारण कार्य हेतु 5 लाख खर्च होंगे।

इसके अलावा मेला परिसर की शेष बाउन्ड्रीवाल के निर्माण पर 20 लाख रुपए खर्च किए जाने के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। बैठक में प्राधिकरण के संचालक पारस जैन, हासानंद आहूजा,डा. हरिमोहन पुरोहित, महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, एडीएम वेद प्रकाश, शिवेन्द्र राठौर, कल्याण सिंह यादव, संध्या भिंडिया और मेला प्राधिकरण के सचिव अरुण श्रीवास्तव उपस्थित थे।

मेले को वर्ष 2006-07 में 87 लाख रुपए का लाभ हुआ। बैठक में वित्तीय वर्ष 2006-07 एवं 2007-08 का अनुमानित आय-व्यय पत्रक प्रस्तुत किया गया।

ट्री-गार्ड का प्रस्ताव भी पास
:गोपांचल पर्वत पर स्वर्गीय सांसद एनके शेजवलकर की स्मृति में रोपे गए पौधोंकी सुरक्षा हेतु मेला प्राधिकरण की ओर से 80 हजार रुपए के ट्री गार्ड दिए जाने का प्रस्ताव सर्व सम्मति से स्वीकार किया गया।

बनेगा मेला पर्यटन ग्राम
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण मेला परिसर में शिल्प बाजार की तर्ज पर मेला पर्यटन ग्राम तैयार कराएगा,इसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस पर मेला प्राधिकरण 1 करोड़ रुपए खर्च करेगा। इस संबंध में प्रस्ताव संचालक मंडल की बैठक में रखा गया,जिसे स्वीकृति मिल गई। प्राधिकरण का प्रयास है कि इस वर्ष लगने वाले मेले में इसकी शुरुआत हो जाए।

ऑटो मोबाइल सेक्टर लगेगा
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुराग बंसल ने कहा कि मेले में महिला, बाल व युवा महोत्सव भी कराए जाएंगे। श्री बंसल ने पत्रकारों को चर्चा के दौरान बताया कि इस बार मेले में राज्यस्तरीय बाल महोत्सव भी होगा, पिछली बार की तरह रासलीला आएगी।

उदयपुर से एक कठपुतली नृत्य टीम बुलाई जाएगी। लखनऊ से हास्य कलाकारों को बुलाने का विचार है। बॉडी बिल्डिंग और जूडो कराटे,महिला दंगल भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रोनिक सेक्टर और ऑटो मोबाइल सेक्टर मेले में लगेंगे।

थियेटर लगाए जाने के सवाल पर उनका कहना था कि जो थियेटर संचालक कलेक्टर से एनओसी लेकर आएंगे, उन्हें मेला परिसर में जरूर जगह दी जाएगी। उनका कहना था कि दुकानों का किराया न बढ़ाए जाने के बाद भी मेला 87 लाख रुपए के फायदे में है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: