करनाल. दिल्ली एयरपोर्ट से अंबाला जा रहे एनआरआई दीपक मेहता की इंडीवर फोर्ड गाड़ी को शनिवार की सुबह 11 बजे करनाल हवेली रेस्टोरेंट से कुछ लोगों ने चुरा लिया। चोर गाड़ी के अन्दर रखे तकरीबन डेढ़ करोड़ रुपए की राशि की विदेशी करेंसी व अन्य सामान चुरा कर गाड़ी को तरावड़ी रोड के रम्भा मोड़ पर छोड़ गए। पुलिस को दीपक के दोस्त व भांजे पर भी सदेह है। शनिवार सुबह कैलिफोर्निया से दीपक निवासी थाना मुलाना, गांव शिमला अंबाला, दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरे। उन्हें लेने के लिए दीपक का भांजा हर्ष मेहता व कर्ण दत्ता निवासी कुरुक्षेत्र शाहाबाद, पहुंचे थे। वापसी में तीनों रास्ते में करनाल के हवेली रेस्टोरेंट पर नाश्ते के लिए रुके। नाश्ता कर जब दोनों बाहर आए तो कार लापता थी।
सदर पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल बीटी करा दी। बाद में एक बजे के करीब पुलिस ने गाड़ी को तरावड़ी से बरामद कर लिया, लेकिन गाड़ी में दो बैग और तीन सूटकेस में रखा दीपक का सारा सामान गायब था। चोरी गए सामानों में हीरा जड़ित घड़ियां, मोबाइल फोन, क्रेडिट कार्ड, पासपोर्ट, अमेरिकी करेंसी व अन्य सामान जिनकी कीमत दीपक मेहता डेढ़ करोड़ बताते हैं गायब था।
गाड़ी का लाक खोला गया सदर पुलिस ने गाड़ी बरामद होने के बाद उसकी एफएसएल टीम से जांच करायी। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने गाड़ी से फिंगर प्रिंट्स भी उठाए। एफएसएल टीम का कहना है कि गाड़ी का लाक खोला गया है। चूंकि गाड़ी इलेक्ट्रानिक्स लाक है इसलिए किसी अन्य चाभी के साथ छेड़छाड़ नहीं की जा सकती है।
कर्ण और हर्ष ने ही खरीदी थी गाड़ी
पुलिस को संदेह इस कारण भी है क्योंकि दीपक मेहता ने पुलिस को बताया कि वह पिछले वर्ष जब आया तो उसने हर्ष और कर्ण को गाड़ी खरीदने के लिए रुपए दिए थे। गाड़ी भी उन दोनों ने ही खरीदी थी। पुलिस को संदेह है कि गाड़ी की चोरी में दीपक के किसी नजदीकी का हाथ हो सकता है।
अपनों ही लूटा था मेहता को : एसपी
पुलिस अधीक्षक एएस चावला के मुताबिक पुलिस ने संदेह के आधार पर दीपक के भांजे हर्ष और उसके दोस्त कर्ण दत्ता से पूछताछ की। देर रात दोनों ही अपने बिछाए जाल में फंस गए और पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया आधा माल बरामद कर लिया है। दोनों ने लॉक खोल कर एक होंडा सिटी कार में माल रख दिया था। गाड़ी को भी उसके पहिए की हवा निकाल कर तरावड़ी के पास सड़क पर छोड़ दिया था। जब उसके पहिए में हवा भराई गई तो वह पंचर नहीं था। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पंचकूला और अन्य स्थानों पर छापेमारी मार रही है।