राजधानी हरियाणा. भारत और आस्ट्रेलिया के बीच सोमवार को होने वाले क्रिकेट मैच के चंडीगढ में आयोजित होने को हरियाणा की खेल व वन मंत्री ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। शनिवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर क्रिकेट का मैच हरियाणा में होता तो प्रदेश के लिए ज्यादा अच्छा होता। इससे हरियाणा का नाम विश्व मानचित्र पर उभरता और प्रदेश में पर्यटन का विकास होता व खूब राजस्व आता। ध्यान रहे कि चंडीगढ़ में क्रिकेट मैच हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन आयोजित करा रही है।
एसोसिएशन के कर्ताधर्ता पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के बेटे और मुंढाल से कांग्रेस विधायक रणबीर सिंह महेंद्रा हैं। रणबीर रिश्ते में किरन चौधरी के जेठ लगते हैं और दोनों पक्षों में प्रापर्टी को लेकर विवाद अदालत में भी लंबित है। किरन चौधरी ने कहा कि हरियाणा में गुड़गांव और फरीदाबाद में अच्छे स्टेडियम हैं और वहां सभी आधुनिक सुविधाएं भी हैं। इस रोटा सिस्टम के आधार पर बीसीसीआई ने मैच भी हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन को आवंटित किया था, ऐसे में इस मैच का आयोजन हरियाणा में किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन ने चंडीगढ़ में मैच कराने की कोशिश की थी, लेकिन मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के कारण वह मैच फरीदाबाद में हुआ था।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए हरियाणा को दस हजार कमरे तैयार करने का केंद्र सरकार ने लक्ष्य दिया था। हमने अभी तक 9650 कमरों का प्रबंध कर लिया है। इन इंतजामों के लिए केंद्रीय सरकार ने भी हमारी तारीफ भी की है।