News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के नजदीकी नंदकुमार पटेल अपने साथ श्री शुक्ल के बयानों की कतरनें लेकर गए हैं। इन बयानों में श्री शुक्ल ने श्री जोगी पर निशाना साधा है। बताते हैं कि उनके पास श्री शुक्ल की प्रेस कांफ्रेंस की सीडी भी है। जोगी समर्थक पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके राजनैतिक सचिव अहमद पटेल और प्रदेश प्रभारी नारायण सामी से शिकायत करने का प्रयास करेंगे।
श्री शुक्ल ने कल प्रेस कांफ्रेस में जिस तरह श्री जोगी पर हमला बोला, उससे जोगी समर्थकों को पलटवार का मौका मिल गया। बिफरे समर्थकों को फिलहाल बयानबाजी से दूर रहने के लिए कहा गया है, लेकिन दिल्ली में मोर्चा खुल गया है। जोगी समर्थक कुछ और विधायकों के एक-दो दिन में दिल्ली पहुंचने की संभावना है।
जोगी समर्थक ये माहौल बनाने का प्रयास करेंगे कि श्री शुक्ल ने सत्ता की राजनीति के लिए कांग्रेस छोड़ी थी। एनसीपी से जब वे भाजपा में गए, तब तो श्री जोगी कांग्रेस से निलंबित थे और पार्टी में उनकी भूमिका नगण्य थी।
इसी प्रकार एकजुटता दिखाने के श्री शुक्ल के बयानों को झुठलाने के लिए जोगी समर्थकों ने स्वागत के दौरान शुक्ल समर्थकों की गतिविधियों पर विस्तृत रिपोर्ट बनाई है। इसमें पार्टी के बजाय श्री शुक्ल को अधिक महत्वपूर्ण बताने का प्रयास करने की बात कही गई है।
महीनेभर के भीतर जोगी समर्थकों का यह दिल्ली में दूसरा मोर्चा होगा। इसके पहले जोगी समर्थक आधा दर्जन विधायकों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत और नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा को हटाने के लिए पूरा जोर लगा दिया था। पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश नेतृत्व में बदलाव से इनकार कर दिया।
विधायकों ने चुप्पी साधी
राज्य में कांग्रेस की राजनीति में आए भूचाल के बाद पार्टी के अधिकांश विधायकों ने चुप्पी साध ली है। जोगी खेमा अब भी इस बात से खुश है कि श्री शुक्ल की स्वागत रैली से 31 विधायकों ने खुद को दूर रखा।
सूत्रों का कहना है कि ज्यादातर विधायक अब पार्टी के केंद्रीय कमान से साफ संकेत मिलने का इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश प्रभारी श्री सामी के साथ विधायकों की बैठक होने वाली है। विधायकों का अगला मूवमेंट इस बैठक के बाद तय हो जाएगा, ऐसा राजनैतिक प्रेक्षकों का मानना है।
कर्मा निवास पर विधायकों की बैठक लेंगे सामी
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी वी नारायण सामी दो दिन के प्रवास पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश बिस्सा ने बताया कि श्री सामी 16 व 17 अक्टूबर को यहां रहेंगे। वे 16 अक्टूबर को दोपहर 12.25 बजे नियमित विमान से आएंगे।
इसी दिन दोपहर 3 बजे रंगमंदिर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्यों, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों, जिला व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों व प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक लेंगे। शाम 5 बजे जिला अध्यक्षों व प्रतिनिधियों से अलग से चर्चा करेंगे। वे रात 8 बजे महेन्द्र कर्मा के निवास पर विधायकों की बैठक लेंगे। इसमें प्रदेश अध्यक्ष चरणदास महंत भी मौजूद रहेंगे।
17 अक्टूबर को सुबह 10 बजे कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। 11.30 बजे विधायकों व नेताओं से मुलाकात करेंगे। 2.30 बजे सेवादल, 3 बजे महिला कांग्रेस, 4 बजे युवक कांग्रेस, प्रदेश पदाधिकारियो व जिला अध्यक्षों की बैठक लेंगे। शाम 6.30 बजे जेट से दिल्ली जाएंगे।