Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
मशहूर गायक मुकेश के पोते और नितिन मुकेश के साहबजादे नील इन दिनों काफी खुश नजर आ रहे हैं और हों भी क्यों न, आखिर उनकी पहली फिल्म ‘जॉनी गद्दार ’ को जनता का अच्छा रिस्पांस जो मिला है। ‘जॉनी गद्दार’ की सफलता से उत्साहित नील चाहते हैं कि सीक्वेल फिल्मों के इस दौर में इस फिल्म की भी सीक्वेल बनाई जानी चाहिए। नील के मुताबिक इस फिल्म का अंत सीक्वेल के लिए पूरी तरह फिट है।
नील इस बात से काफी खुश है कि लोगों ने उनके अभिनय को पसंद किया है। ‘मेरा करम मेरा धरम’ और यशराज बैनर की ‘विजय’ जैसी फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में काम कर चुके नील नितिन मुकेश की चाहत बचपन से ही अभिनेता बनने की रही है। नील बताते हैं कि अभिनय के क्षेत्र में उतरने से पहले वे इसकी बारीकियों को समझना चाहते थे इसीलिए उन्होनें बड़े होने पर यशराज फिल्म्स में सहायक के रूप में काम करना शुरू कर दिया। एक दिन अचानक इसी दौरान उनके समक्ष ‘जॉनी गद्दार’ का ऑफर आया।
उन्हें इसका प्रस्ताव दमदार लगा और उन्होंने इसमें काम करने की स्वीकृति दे दी। नील ने अपनी आने वाली फिल्म ‘तेरा क्या होगा जॉनी’ के बारे में कहा कि यह इत्तेफाक ही है कि उनकी पहली दोनों फिल्मों में जॉनी शब्द है।हालांकि इस फिल्म में उनका किरदार जॉनी का नहीं है। नील के मुताबिक ‘तेरा क्या होगा जॉनी’ भी एक अलग तरह की फिल्म है, जिसमें एक ही समय दो कहानियां एक ही ट्रैक पर चलती हैं।
नील ने आगे बताया कि वह चाहते हैं श्रीराम राघवन ‘जॉनी गद्दार’ का सीक्वेल बनाएं क्योंकि इस फिल्म का अंत बहुत ही अच्छा है, जिसे सभी ने पसंद किया है और इसका सीक्वेल के भी सफल होने की पर्याप्त गुंजाइश है।