News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. बिटकुली के पास सड़क किनारे दो लोगों की लाश पड़ी होने की सूचना मिलने पर शनिवार शाम पुलिस अधिकारियों के कान खड़े हो गए। बाद में पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची तो सूचना गलत निकली।
शनिवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम के फोन की घंटी बजी। एक पुरुष की आवाज आई, ‘हैलो, पुलिस कंट्रोल रूम? बिटकुली में सड़क किनारे दो लोगों की लाश पड़ी है।’ कंट्रोल रूम में बैठे पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों की इसकी सूचना दी। अधिकारियों के निर्देश पर बिल्हा पुलिस को भी लाश होने की सूचना दे दी गई।
मामले की गंभीरता को समझते हुए एडीशनल एसपी सिटी बद्रीनारायण मीणा भी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। उन्होंने फोन पर एसपी प्रदीप गुप्ता को घटना के बारे में बताया। इधर कुछ ही देर में अज्ञात व्यक्ति ने फिर कंट्रोल रूम में फोन लगाया और पुलिस नहीं पहुंचने की शिकायत की। किसी अनहोनी की आशंका से पुलिस अधिकारी ज्यादा ही गंभीर हो गए।
बिल्हा पुलिस को भी तत्काल पहुंचने के लिए आदेश दिया गया। अधिकारियों के निर्देश पर बिल्हा थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। वहां पुलिस ने लाश तलाशना प्रारंभ किया, लेकिन लाश नहीं मिली। बिल्हा पुलिस ने इसकी जानकारी एएसपी श्री मीणा को दी।
गंभीर सूचना के गलत हो जाने पर अधिकारी काफी नाराज हुए। उन्होंने कंट्रोल रूम को सूचना देने वाले का नंबर ट्रेस करने कहा। पता चला कि फोन टाटा इंडीकाम कंपनी के एक नंबर से किया गया है। देर रात तक पुलिस फोन करने वाले की जानकारी लेती रही।
ऐसे भी आते हैं काल्स
पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर लोग ऊलजलूल फोन करने से बाज नहीं आते। कोई बच्च अपने पापा द्वारा पिटाई होने की सूचना दे देता है तो कोई पत्नी अपने घरेलू झगड़ों को बताने के लिए 100 नंबर डायल कर देती है।
कई बार लोग मोबाइल से 100 नंबर पर मिस्ड काल करते हैं और रिप्लाई की अपेक्षा रखते हैं। पुलिस कर्मी कई बार इन फोन करने वालों को सबक सिखाने के लिए उन्हें फोन करते हैं तो वे सॉरी बोलकर पल्ला झाड़ लेते हैं, जबकि इससे पुलिसकर्मियों को परेशान होना पड़ता है।