News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
गांधी चौक स्थित बापू की प्रतिमा को आज संदर्भ युवा मंच के युवकों ने चश्मा पहनाया। इस प्रतिमा से कई दिनों से चश्मा गायब था, लेकिन किसी ने इसकी सुध नहीं ली थी। दैनिक भास्कर ने 2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन यह खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद युवकों को प्रेरणा मिली।
शहर के प्रमुख चौराहे गांधी चौक पर लगी बापू की प्रतिमा बदहाली की स्थिति में रहती है। निगम इसकी देख-रेख के प्रति उदासीन रहता है। इसके चलते प्रतिमा पर धूल-बीट जमा रहती है और प्रतिमा के चारों ओर बने गार्डन में कचरा जमा रहता है। साल में गांधी जयंती और स्वतंत्रता दिवस जैसे मौके पर प्रतिमा की झाड़-पोंछ की जाती है, लेकिन इसकी हालत नहीं सुधरती।
वर्तमान में भी यही स्थिति है। प्रतिमा तक पहुंचने लिए लगाई गई सीढ़ी भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। प्रतिमा पर लगी चश्मे की फ्रेम भी कई दिनों से गायब थी। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन कांग्रेसी नेता व पदाधिकारी बड़ी संख्या में यहां पहुंचे। उन्होंने मूर्ति को मालाओं से लाद दिया, लेकिन किसी भी कांग्रेसी की नजर बापू के गुम हुए चश्मे पर नहीं पड़ी। भाषणबाजी के बाद सभी कांग्रेसी वहां से लौट गए।
दैनिक भास्कर ने 3 अक्टूबर के अंक में इस खबर को तस्वीर के साथ प्रकाशित किया, लेकिन फिर भी कांग्रेस संगठन ने बापू को चश्मा पहनाने की तकलीफ नहीं उठाई। सामाजिक संस्था संदर्भ युवा मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी यह खबर पढ़ी थी।
वे इंतजार करते रहे कि शायद कांग्रेसी या प्रशासन राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर चश्मा लगाएंगे, लेकिन रविवार तक भी जब कोई संगठन आगे नहीं आया तो युवा मंच के सदस्यों ने रविवार दोपहर प्रतिमा को चश्मा पहना दिया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 15 अगस्त को संदर्भ युवा मंच ने शहर की 30 संस्थाओं, आफिसों और थानों में भारतमाता की प्रतिमा भेंट की थी। मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि वे उपेक्षित रहने वाले शहीद जवान चौक में 26 जनवरी को रोशनी करेंगे और पूरे शहर में बसंत पंचमी के अवसर पर सरस्वती पूजा का आयोजन करेंगे। सामाजिक सद्भावना के काम कर रहे इस मंच से जुड़े ज्यादातर युवा छात्र हैं।