HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

व्याख्याता की चेन झपटी

भोपाल. लिंक रोड नंबर एक पर बाइक सवार एक बदमाश रविवार की शाम एक महिला के गले से सोने की चेन झपट कर ले गया। महिला अपने पति और बच्चों के साथ स्कूटर से न्यू मार्केट जा रही थीं।

टीटी नगर पुलिस के मुताबिक नारायण नगर निवासी बबीता पंजयार माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में व्याख्याता हैं। वे रविवार शाम अपने पति प्रमोद पंजयार के साथ स्कूटर से न्यू मार्केट जा रही थीं। जब वे नानके पेट्रोल पंप के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आया बाइक सवार एक युवक उनके गले से सोने की चेन झपटकर ले गया।

पुलिस ने श्रीमती पंजयार की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के चेहरे पर चेचक के दाग बताए गए हैं। पुलिस बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

उधर, शनिवार रात एक दंपती आटो से जा रहे थे। जब वे ईदगाह हिल्स पर पहुंचे तो पीछे आया बाइक सवार एक युवक ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। लुटेरे के चेन झपटते ही महिला ने चेन पकड़ ली जिससे आधी उनके हाथ में रह गई। बदमाश आधी चेन लेकर भाग गया। शाहजहांनाबाद थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।

बीमा एजेंट की हत्या
एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के बीमा एजेंट का अज्ञात व्यक्तियों ने अपहरण कर हत्या कर दी। कोहेफिजा पुलिस ने उनकी लाश एनआरआई कालोनी के पास स्थित बारह क्वार्टर के एक सूने मकान से बरामद की है। मृतक तीन दिन पहले एमपी नगर से लापता हुआ था। उसकी हत्या के पीछे कारण रुपयों का लेन-देन बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक ई सेक्टर, बरखेड़ा निवासी संजीव प्रसाद (30) एमपी नगर स्थित एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में बीमा एजेंट थे। कोहेफिजा पुलिस ने संजीव की लाश रविवार शाम बारह क्वार्टर के एक सूने मकान से बरामद की है।

बताया गया है कि शाम को बारह क्वार्टर के रहवासियों को मकान से बदबू आने पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया था। मकान में ताला लगा था। पुलिस ताला तोड़कर घर के अंदर घुसी, वहां एक कमरे में संजीव की लाश पड़ी थी।

गला घोंटकर की गई हत्या :
उनके हाथ पैर बांधकर गला घोंटकर हत्या की गई। लाश तीन दिन पुरानी बताई गई है। संजीव के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने जिस मकान से लाश बरामद की है वह एजाज नामक व्यक्ति का है, जो उन्होंने शहरयार को किराए पर दे रखा था।

पुलिस ने शहरयार और उसके एक साथी दिनकर को हिरासत में लिया है। दिनकर एक टेलीकाम कंपनी में कलेक्शन एजेंट हैं। पुलिस इस मामले में तीन और व्यक्तियों की तलाश कर रही है। बताया गया है कि संजीव प्रसाद चार अक्टूबर को एमपी नगर स्थित अपने आफिस आए थे। शाम करीब चार बजे वह अपना लेपटाप और मोबाइल लेकर बाइक से निकले थे।

देर रात तक जब वे घर नहीं पहुंचे, तो उनके साथ काम करने वाले मुकेश प्रसाद ने एमपी नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस संजीव की बाइक, लेपटाप और मोबाइल फोन की भी तलाश कर रही है। बताया गया है कि संजीव को कुछ लोगों से रुपए लेने थे।

चार अक्टूबर को उन्होंने फोन कर उन्हें बारह क्वार्टर बुलाया था। यहां योजनाबद्ध तरीके से उनकी हत्या की गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

जून में कोलार में भी हुई थी बीमा एजेंट की हत्या
21 जून को कोलार रोड इलाके में बीमा एजेंट कान्हा कुंज निवासी निर्मला पाल (45) की लाश पुलिस ने पानी से भरे एक गड्ढे से बरामद की थी। उनकी पानी में डुबाकर हत्या की गई थी।

पुलिस ने जिस स्थान से उनकी लाश बरामद की थी वह उनके घर के नजदीक था। पुलिस का दावा था कि उनकी हत्या किसी नजदीकी व्यक्ति ने की है, पर अब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो पाए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: