bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

आरक्षण बांटा तो मीणा छेड़ेंगे महाभारत

खाटूश्यामजी (सीकर).meet मीणा समाज ने सरकार को चेताया है कि एसटी आरक्षण से छेड़छाड़ हुई तो वे नया महाभारत रच देंगे। आरक्षण में किसी की एंट्री बर्दाश्त नहीं होगी। गुर्जरों को एसटी में आरक्षण की सिफारिशी चिट्ठी भेजी तो 10 करोड़ आदिवासी हमेशा के लिए सरकार का पत्ता साफ कर देंगे।

खाटूश्यामजी के रोडवेज बस स्टैंड पर रविवार को जुटी मीणा महापंचायत में भगवान मीन का वास्ता देते हुए मीणाओं ने किसी भी कुर्बानी के लिए तैयार रहने की सौगंध ली। राष्ट्रीय जनजाति आरक्षण बचाओ संयुक्त संघर्ष संचालन समिति के बैनर तले हुई सभा में चोपड़ा कमेटी भंग करने, गुर्जरों की मांग खारिज करने और आरक्षण आंदोलन में हुए नुकसान की भरपाई गुर्जरों से करने के प्रस्ताव पारित किए गए।

गुर्जर आंदोलन की सीबीआई जांच की मांग भी की गई। समिति के राष्ट्रीय संचालक डॉ. स्वामी रामेश्वरानंद हरि ने कहा कि एसटी कोटे में छेड़छाड़ हुई तो देशभर का आदिवासी नया महाभारत रच डालेगा।

समिति के राष्ट्रीय संयोजक बीएल मीणा ने गुर्जरों की मांग को असंवैधानिक और आधारहीन बताया। उन्होंने कहा एसटी में शामिल होने का हकदार वही है जिसने आदिवासी की कोख से जन्म लिया हो। विधायक हेमराज मीणा ने कहा कि आदिवासी एकजुट हो जाएं तो सत्ता उनके हाथ में ही होगी।

किसने क्या-कहा
>> सम्मान में सिर झुका सकते हैं तो कटा भी सकते हैं। आदिवासी समाज में जान फूंकनी होगी। युवाओं को तैयार रहना चाहिए।
-जितेंद्र मीणा, पूर्व अध्यक्ष, राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ

>> आरक्षण बचाना है तो रोस्टर के आधार पर अगला मुख्यमंत्री आदिवासी होना चाहिए। हमें कंधे से कंधा मिलाना होगा।’
-राजपाल मीणा, उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय मीणा युवा महासभा

>> हक की लड़ाई में मीणाओं के साथ हूं। जरूरत पड़ी तो प्रदेशभर में राजपूत समाज से आह्वान किया जाएगा।
-नरपतसिंह राठौड़, खेतड़ी

>> आदिवासी शराब छोड़ दें। जख्मी समाज के विकास में जान फूंकने में जुट जाएं।
-मंगलचंद मीणा, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी

मीन पुराण का विमोचन
सभा के दौरान रामेश्वरानंद हरि ने मुनि मगन सागर की मीन पुराण भूमिका पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तिका से होने वाली आय समाज के विकास में खर्च की जाएगी।

भोजन के पैकेट्स बांटे
सम्मेलन के दौरान लोगों को भोजन के पैकेट्स बांटे गए। संचालकों की ओर से 20 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा वीआईपी के भोजन की व्यवस्था कला भवन में की गई।

मंदिर में उमड़े लोग
सम्मेलन जैसे ही समाप्त हुआ, लोगों की भीड़ श्याम मंदिर की ओर उमड़ पड़ी। हालत यह थी कि दर्शन के लिए लोगों को एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

14 को करौली में जुटेंगे
मीणा प्रतिनिधि अब 14 अक्टूबर को करौली महापंचायत में जुटेंगे। इस महापंचायत में आए लोगों ने करौली में जुटने का वादा करते हुए लोगों ने एक-दूजे से विदा ली।

महिलाओं ने भी दिखाए तेवर
सभा में महिलाओं ने भी तीखे तेवर दिखाए। राष्ट्रीय महिला मीणा महासभा की अध्यक्ष सुनीता मीणा एवं बसंती देवी ने आदिवासी महिलाओं से झांसी की रानी बनकर आंदोलन में भागीदारी की अपील की।

मंत्री-विधायकों की कमी खली
महापंचायत में मंत्री-विधायकों की कमी खली। वित्त राज्यमंत्री वीरेंद्र मीणा, विधायक कन्हैयालाल मीणा, कांतिलाल मीणा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने आने की पुष्टि की थी, लेकिन वे नहीं पहुंचे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: