News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. वनडे सीरीज में 2-0 की महत्वपूर्ण बढ़त ले चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग सोमवार को यहां होने वाले चौथे मैच में भी मेजबान टीम इंडिया को बख्शने के मूड में नहीं हैं। मैच की पूर्व संध्या पर उन्होंने कहा कि हमने युवराज सिंह सहित सचिन, सौरव व द्रविड़ की भारतीय त्रिमूर्ति से निबटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि युवराज हालांकि तीसरे मैच में हमारे खिलाफ शतक ठोंकने में कामयाब हो गए थे, लेकिन इस बार हम उनको कोई छूट नहीं देंगे।
पोंटिंग के अनुसार बढ़त के कारण ऑस्ट्रेलियाई टीम मनोवैज्ञानिक फायदे में रहेगी, जबकि भारतीय टीम में घरेलू दर्शकों के सामने दबाव रहेगा। उन्होंने कहा कि मेजबान टीम भले ही सीरीज में पिछड़ी हुई हो, लेकिन हम उसको कमजोर नहीं आंकते, क्योंकि वह कभी भी पलटवार कर सकती है। उन्होंने इस बात की भी पुष्टि की कि इस मैच में नाथन ब्रेकन खेलेंगे।