नई दिल्ली. . रिसर्च एंड एनालिसिस विंग यानी रॉ ने संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी रवि नायर को श्रीलंका से वापस बुला लिया गया है। उन पर विदेशी महिला से संबंध रखने का आरोप है। 1975 बैच के आरएएस अधिकारी नायर को इससे पहले भी हांगकांग में उनकी पदस्थापना के दौरान उस वक्त वापस बुला लिया गया था, जब विदेशी महिला उनकी मित्र बन गई थी। बताया जाता है कि उस महिला का संबंध चीन की गुप्तचर एजैंसी से था। सूत्रों का कहना है कि कोलंबो भेजे जाने के बाद फिर से यही महिला नायर के संपर्क में आई और उनके साथ रहने लगी। इससे नायर संदेह के घेरे में आ गए।
तीन साल पहले संयुक्त सचिव स्तर के ही एक अधिकारी रविन्दर सिंह के भागने की घटना के बाद रॉ अब अपने दामन को पाक-साफ रखना चाहती है। इसी के चलते नायर को कोलंबो से वापस बुलाया गया है। रॉ अब रवि नायर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
‘आरोप बकवास हैं। मैं ईमानदारी से समर्पित होकर अपना काम कर रहा हूं। हम लोग भारत सरकार के लिए काम करते हैं, जो जारी रहेगा।’
- रवि नायर, कोलंबो से