लाहौर: दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के मध्यक्रम के सशक्त बल्लेबाज जैक कैलिस एलजी आईसीसी की टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 900 रेटिंग अंक हासिल करने से मात्र 12 अंक दूर हैं। कराची में खेले गए पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जमाने वाले कैलिस को ताजा जारी रैंकिंग में 68 रेटिंग अंक प्राप्त हुए हैं। इस तरह उनके अब कुल 888 अंक हो गए हैं।
दूसरे टेस्ट में भी यदि उनका शानदार प्रदर्शन जारी रहा तो वे इस जादुई अंक को हासिल कर लेंगे। इसके साथ ही कैलिस यह मुकाम हासिल करने वाले दुनिया के 23वें टेस्ट बल्लेबाज बन जाएंगे। कैलिस के तीन समकालीन बल्लेबाज पहले ही 900 के क्लब में मौजूद हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग के 936, पाकिस्तानी बल्लेबाज मुहम्मद यूसुफ के 906 और श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा के 900 रेटिंग अंक हैं। कैलिस इंग्लैंड के केविन पीटरसन व ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन व माइक हुसे को पछाड़कर रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। भारतीय गेंदबाज अनिल कुंबले छठे व जहीर खान नौवें स्थान पर हैं।
टॉप पांच टेस्ट बल्लेबाज
| खिलाड़ी | देश | अंक |
| रिकी पोंटिंग | ऑस्ट्रेलिया | 936 |
| मुहम्मद यूसुफ | पाकिस्तान | 906 |
| कुमार संगकारा | श्रीलंका | 900 |
| जैक कैलिस | द. अफ्रीका | 888 |
| केविन पीटरसन | इंग्लैंड | 872 |