News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
रेलवे हॉकी स्टेडियम पर खेली गई 37वीं राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले में हरियाणा ने झारखंड को 6-2 से रौंदकर विजयी ट्राफी पर पुन: कब्जा किया। चैम्पियनशिप में बेस्ट प्लेयर अवार्ड से सम्मानित जयदीप कौर ने फाइनल मुकाबले में झारखंड के खिलाफ दो शानदार मैदानी गोल दागे।
वहीं तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में उड़ीसा ने पंजाब को 2-0 से शिकस्त दी। पूर्व खेल मंत्री एवं सांसद यशोधराराजे सिंधिया ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्राफी प्रदान कीं। समापन समारोह की अध्यक्षता खेल एवं पशुपालन विभाग की अपर मुख्य सचिव रंजना चौधरी ने की।
भारतीय महिला हॉकी फेडरेशन के तत्वावधान में तथा मप्र खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित चैम्पियनिशप का फाइनल मुकाबला गत वर्ष की विजेता हरियाणा और उपविजेता झारखंड के बीच बुधवार को खेला गया।
इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में हरियाणा ने प्रारंभ से ही झारखंड के ऊपर दबाव बनाने का प्रयास किया। उनकी यह रणनीति उस समय कारगर साबित हुई जब जोयदीप कौर ने मैच के दूसरे मिनट में एक शानदार मैदानी गोल ठोक दिया।
इसके बाद 22 वें मिनट तक दोनों टीमें गोल करने के लगातार प्रयास करती रहीं लेकिन सफलता किसी के हाथ नहीं लग पाई। इसी दौरान 23वें मिनट में हरियाणा को एक पेनल्टी स्ट्रोक मिल गया, जिसे मीनाक्षी ने बड़ी चतुराई के साथ गोलकीपर को चकमा देते हुए गोल का तख्ता बजा दिया। दो गोल से पिछड़ी झारखंड अभी उबर भी नहीं पाई थी कि अगले ही पल हरियाणा की रितु रानी ने 24वें मिनट में मैदानी गोल कर टीम की बढ़त 3-0 कर दी।
पहले हॉफ में 3-0 से आगे चल रही हरियाणा ने मैच के 44वें मिनट में बढ़त उस समय 4-0 कर ली जब जोयदीप कौर ने पेनल्टी कार्नर को गोल में तब्दील किया। इसके बाद झारखंड ने मैच में लौटने के लिए जोरदार प्रयास किया। 49वें मिनट में उन्हे सफलता मिल भी गई। पिंकी लाकरा ने झारखंड के लिए पैनल्टी कार्नर को गोल में बदला।
जोश-खरोश के साथ खेल रही झारखंड की 53वें मिनट में शशि प्रधान के मैदानी गोल से एक अन्य सफलता मिली लेकिन इसके बाद उसके गोल दागने पर ब्रेक लग गया। 4-2 के अंतर पर चल रहे इस कांटे के मुकाबले में 55वें मिनट में फिर से एक नया मोड़ हरियाणा के पक्ष में उस समय आया जब मिले पेनल्टी कार्नर को रितुरानी ने गोल में बदल दिया।
हरियाणा ने अपनी जीत उस समय सुनिश्चित कर ली जब मोनिका ने 57वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को नेट में झुला दिया। इसके बाद जहां झारखंड हार के अंतर को कम करने के लिए लगातार प्रयास करती हुई नजर आई वहीं दूसरी तरफ हरियाणा की टीम बचाव में अपना समय पास करती दिखी।
इससे पहले तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में उड़ीसा ने पंजाब को बड़ी आसानी के साथ 2-0 से पराजित कर दिया। मैच के पहले हॉफ में 2-0 से आगे रही उड़ीसा की तरफ से 10वें मिनट में दुलारी खंडुलना ने मैदानी गोल लगाया, जबकि 22वें मिनट में सुलोचना ने पैनल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 2-0 से जीत दिलाई। पंजाब चौथे स्थान पर रहा।