जयपुर. आयकरदाताओं को रिफंड के लिए करीब दो-तीन वर्ष का इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि रिटर्न जमा कराने के बाद चार माह में यह मिल जाना चाहिए। राजधानी में ऐसे सैकड़ों आयकरदाता हैं जिनको रिटर्न जमा कराए काफी समय हो गया, लेकिन उन्हें अभी तक रिफंड नहीं मिला।
इस संबंध में आयकर विभाग का तर्क है कि आयकरदाता रिटर्न फॉर्म में कई तरह की कमी छोड़ देते हैं, जिससे रिफंड रुक जाता है। इसके लिए नोटिस भी जारी किए जाते हैं। पिछले दिनों भास्कर ने ‘इस साल नहीं मिल पाएगा रिफंड’ खबर प्रकाशित कर आयकर विभाग में कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं होने की समस्या को उजागर किया था। इसके बाद सामने आया कि आयकरदाताओं को दो-तीन साल से रिफंड नहीं मिल रहे हैं।
आड़े आ रही है कर्मचारियों की कमी : विभागीय जानकारी के अनुसार सात रेंजों में बंटे 33 वार्डे में कर्मचारियों की कमी है। इससे रिफंड का कार्य समय पर नहीं हो पा रहा है। सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं होने से रिटर्न की प्रोसेस नहीं हो पाती है। इसके अलावा पेन के एक वार्ड से दूसरे वार्ड में ट्रांसफर करने में भी देरी हो जाती है।
इन्हें भी रिफंड का इंतजार
विश्वकर्मा निवासी बोधूराम ने अगस्त 2005 को रिटर्न जमा कराया था, ढाई साल बाद भी उन्हें न तो रिफंड मिला और न नहीं विभागीय नोटिस। मुरलीपुरा विश्वकर्मा के सत्यवीर का कहना है कि 1 दिसंबर, 2006 को रिटर्न जमा कराया, जिसका रिफंड नहीं मिला।