bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

खूनी डकैती ने तूल पकड़ा

मौ. बीते रोज हुई खूनी डकैती की घटना ने अब राजनीतिक रूप से तूल पकड़ना शुरू कर दिया है। आज शाम तक कस्बे में भाजपा और कांग्रेस के कई नेता पहुंच चुके थे। सांसद डा.रामलखन सिंह ने कस्बे में जाकर पीड़ितों से मुलाकात की और कहा कि टीआई सतीश दुबे की पदस्थापना कराने के लिए डीजीपी से बातचीत की गई है। वहीं कांग्रेस के विधायक सत्यदेव कटारे ने इस घटना पर पुलिस अधिकारियों को आड़े हाथों लिया ।

सांसद डा.रामलखन सिंह कुशवाह आज शाम चार बजे करीब यहां आए और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। सांसद को स्थानीय लोगों ने टीआई सतीश दुबे की पदस्थापना को लेकर ज्ञापन दिया। डा.कुशवाह ने कहा कि इसे लेकर उनके द्वारा आज ही डीजीपी से चर्चा की गई है। सांसद कुशवाह ने पुलिस अधिकारियों से घटना को लेकर चर्चा करते हुए तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कहा है।

उन्होंने खूनी डकैती के सभी घायलों का इलाज स्वयं कराने की बात कही है। उधर कांग्रेस ने इस घटना की आड़ में जिला प्रशासन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। डा.गोविंद सिंह के बाद आज अटेर के विधायक सत्यदेव कटारे भी अपने लावलश्कर के साथ मौ जा पहुंचे।

उनके साथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरीसिंह नरवरिया,किसान कांग्रेस के हृदेश सिंह कुशवाह,जनपद अटेर के अध्यक्ष अरविंद बघेल,भगवान दास बाबा,रविन्द्र सिंह नरवरिया भी गए थे। कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पुलिस थाने के रास्ते में धरना दिया।

श्री कटारे ने धरनास्थल पर कहा कि अगर पुलिस के अधिकारी बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर सकते हैं तो वे घर वापस चले जाएं। कांग्रेस के जिला महामंत्री रामहर्ष सिंह कुशवाह,शहर कांग्रेस भिंड के अध्यक्ष अशोक जैन,भूपत सिंह जादौन भी मौ में डेरा डाले हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: