कुंवारिया (राजसमंद). कांकरोली-भीलवाड़ा राजमार्ग पर बुधवार शाम को बेकाबू ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों को चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों युवकों
की मौत हो गई। इनमें दो सगे व एक चचेरा भाई था। दुर्घटना के बाद राजमार्ग करीब आधे घंटे तक जाम रहा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मोटरसाइकिल सवार कुंवारिया निवासी हजारीलाल (30), कन्हैयालाल (28) पुत्र हरलाल लौहार व भंवरलाल (35) पुत्र रामचंद्र लोहार बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे कांकरोली से कुंवारिया की तरफ जा रहे थे। पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने पावर ग्रिड स्टेशन के समीप उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों करीब पांच फीट दूर जा गिरे। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देख ग्रिड स्टेशन के आसपास काम कर रहे मजदूर बड़ी तादात में मौके पर पहुंच गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवप्रकाश जाप्ते के साथ मौके पर पहुंच गए। तीनों युवकों के शवों को लोडिंग टेंपो से आरके अस्पताल राजसमंद पहुंचाया गया। बाद में पुलिस उपाधीक्षक मनीष त्रिपाठी, उप जिला प्रमुख नंदलाल सिंघवी के अलावा कुंवारिया, मादड़ी, भावा के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक चालक महेन्द्रगढ़, हरियाणा निवासी सुरेश कुमार यादव को नाकेबंदी के दौरान कुंवारिया थाने के बाहर पकड़ लिया गया। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवा कर मुर्दाघर में रखवाया है, जिन्हें गुरुवार सुबह परिजनों को सौंपा जाएगा।