इटारसी. विदेशों में ग्रिड सिस्टम मैनेजमेंट के लिए पावर ग्रिड कापरेरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड को चुना गया है। पावर ट्रांसमिशन के क्षेत्र में श्रेष्ठ उपलब्धियां हासिल करने पर विदेशों में भी कंपनी का लोहा माना गया है। यह जानकारी पावर ग्रिड कापरेरेशन के अध्यक्ष और प्रबंध संचालक आरपी सिंह ने दी।
पथरौटा में हाईस्कूल और डिस्पेंसरी के शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय कार्मिक राज्यमंत्री सुरेश पचौरी के साथ आए पावर ग्रिड चेयरमैन श्री सिंह ने कहा कि मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि अमेरिका और अन्य देशों की कंपनियां होते हुए भी मिडिल ईस्ट में सिस्टम मैनेजमेंट के लिए पावर ग्रिड को चुना गया।
श्री सिंह ने बताया कि पावर ट्रांसमिशन के क्षेत्र में विदेशों में भी हमारे पावर ग्रिड को खासा महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अमेरिका में ग्रिड ठप होने पर पावर ग्रिड कापरेरेशन ऑफ इंडिया को तीन बार बुलाया गया। उन्होंने कहा कि हाल ही में वल्र्ड बैंक की टीम ने भी पावर ग्रिड को शाबाशी दी है।
तो बंगलादेश-श्रीलंका के उपकरण भी सुधरेंगे इटारसी में
पावर ग्रिड चेयरमैन श्री सिंह ने बताया कि पथरौटा गांव में आम लोगों के लिए डिस्पेंसरी निर्माण के साथ ही यहां के सबस्टेशन में मॉडल लैब भी बनाई जाएगी। इस लैब में मप्र-छत्तीसगढ़ के साथ ही श्रीलंका, बांग्लादेश व अन्य देशों के उपकरणों के सुधार का काम भी किया जाएगा।
श्री सिंह ने कहा कि विदेशों में ज्यादातर सिस्टम इंजीनियर 70 वर्ष की उम्र पार कर चुके हैं। अब हम यहां के ट्रेनिंग सेंटर को 10 गुना बढ़ाएंगे जिससे जवां इंजीनियरों को और बेहतर ट्रेनिंग दी जा सके।