जोधपुर. जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन के वायुसैनिक अब अपने परिवार के साथ रह सकेंगे। दक्षिण पश्चिम वायु कमान के वायु अफसर कमांडिंग इन चीफ एयर मार्शल
केडी सिंह ने बुधवार को महत्वाकांक्षी वैवाहिक आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का उद्घाटन किया।
वायुसेना के हर स्तर के अधिकारियों व कार्मिकों के लिए निर्मित इन आवासों की खासियत यह है कि इनमें वास्तुकला का विशेष ध्यान रखा गया है। परियोजना को पूर्ण करने वाली कंपनी एनबीसीसी लि. ने जल संरक्षण, वृक्ष संवर्धन, भू-दृश्य निर्माण तथा शिकायत दर्ज करने के लिए आवीआर सिस्टम को समाहित किया है। इन आवासों का जोधपुर के पत्थरों से सौंदर्य देखते ही बनता है।
कितने आवास
योजना के तहत स्क्वाड्रन लीडर व अधीनस्थ रैंक के अधिकारियों के लिए 20 आवास, वारंट रैंक के कर्मचारियों के लिए 53 आवास व वायुसैनिकों के लिए 547 आवास बनाए गए हैं। कुल 620 आवास बनाए गए हैं। प्रथम चरण में 45 करोड़ 92 लाख रुपए लागत आई है। जोधपुर वायु सेना स्टेशन देश के उन 14 वायुसेना स्टेशनों में से एक है, जहां पर परियोजना का कार्य पूर्ण हो गया है। आवास परियोजना का कार्य जुलाई 2004 में शुरू हुआ था।
अधीनस्थ यूनिटों का निरीक्षण
आवास परियोजना के उद्घाटन के बाद एयर मार्शल ने जोधपुर स्टेशन की विभिन्न अधीनस्थ यूनिटों का निरीक्षण किया। उन्होंने एयरमैन बिलेट्स एवं मैस का अवलोकन किया। एयर मार्शल बुधवार को सुबह विशेष विमान से जोधपुर पहुंचे। वायुसेना स्टेशन पर उनकी अगवानी एयर कमोडोर जिनेंद्र कुंभट ने की। एयर मार्शल की धर्मपत्नी श्रीमती नीलमसिंह, जो कि क्षेत्रीय पत्नी कल्याण संघ की अध्यक्ष है, ने इंद्रप्रस्थ कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, कोशिश, लिटिल इम्स स्कूल, वायुसेना विद्यालय आदि योजनाओं का जायजा लिया।