News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. सरस्वतीनगर रेलवे स्टेशन के करीब मंगलवार की रात छेड़छाड़ की एक घटना ने हंगामा खड़ा कर दिया। नाराज लोगों ने पुलिस व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए तेलघानीनाका चौक पर धरना दिया। उनके तेवर देखते हुए पुलिस ने इलाके के आधा दर्जन बदमाशों को धर दबोचा। बताते हैं कि स्टेशन के करीब रामनगर के एक युवक और युवती बैठे हुए थे।
इसी दौरान कुछ बदमाशों ने वहां धावा बोला। दोनों के चिल्लाने और भीड़ इकट्ठी होने पर वे भाग निकले। इस घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले के लोग इकट्ठे हुए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आज उन्होंने धरना भी दिया।
आमानाका टीआई सुनील डेविड ने बताया कि मोतीलालनगर कोटा के चार युवक पकड़े गए हैं।पूछताछ में अब तक छेड़छाड़ संबंधी किसी भी घटना में इनकी भूमिका सामने नहीं आई है। आरोपियों के क्रिमनल रिकार्ड पता चला है कि वे इलाके के निगरानी बदमाश हैं।
उनके खिलाफ लूट और नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी राजेश उड़िया, त्रिलोचन, राजेश धतमल और संतोष के खिलाफ धारा 109 और 110 के तहत कार्रवाई कर उन्हें आज जेल दाखिल करा दिया गया। बदमाशों की उम्र 20-22 साल की है। उनका कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कराने युवती भी सामने नहीं आ रही है।
पुलिस के दावे खोखले
सूने इलाके में मुस्तैदी के साथ पुलिस गश्त का दावा खोखला साबित हुआ है। अटारीकांड जैसी शर्मशार करने वाली घटना के बावजूद पुलिस एलर्ट नहीं है। नंदनवन के रास्ते पर एक-दो जवान तैनात कर वहां गश्त के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। इसके अलावा वीआईपी रोड समेत आउटर के आधा दर्जन से ज्यादा सूने इलाकों में जोड़ों से छेड़छाड़ की शिकायतें फिर बढ़ी है।