News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. नवरात्रि और दशहरा पर्व पर इस बार बस्तर में जोरदार तैयारी की जा रही है। पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों-श्रद्घालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पीएचई मंत्री केदार कश्यप, पर्यटन बोर्ड अध्यक्ष संतोष बाफना और हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष सुभाष राव ने आज पत्रवार्ता में बताया कि जगदलपुर से दंतेवाड़ा तक 64 किमी रास्ते पर पर्यटन बोर्ड ने होटल-मोटल में रुकने का मुफ्त इंतजाम किया है।
बोर्ड की ओर से बैनर, पोस्टर लगाने से लेकर रास्ते में पड़ने वाले सहायता केंद्रों पर पदयात्रियों के लिए नीबू पानी और नाश्ता-भोजन का नि:शुल्क इंतजाम किया जा रहा है। ये इंतजाम जिला कलेक्टर गणोश शंकर मिश्रा की देखरेख में किए जा रहे हैं। इसमें बस्तर की स्थानीय समाज सेवी संस्थाएं, चैंबर आफ कामर्स, परिवहन संघ, रोटरी क्लब भी जुट गया है।
उन्होंने बताया कि राजनांदगांव पैटर्न पर उत्सव की तैयारी पिछले साल प्रयोग के रूप में की गई थी। अच्छी सफलता मिलने पर इस बार व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। जगदलपुर से दंतेश्वरी मंदिर तक 84 किमी रास्ते में 11 सुविधा केंद्र बनाए गए हैं।
इन सुविधा केंद्रों में पदयात्रियों के लिए नीबू-पानी, ग्लूकोज, पीने का पानी, प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहेंगे। इन केंद्रों पर भोजन, स्वल्पाहार, ठहरने और प्रसाधन का भी बंदोबस्त किया गया है। महिला पद यात्रियों के लिए अलग इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा के खास इंतजाम
पदाधिकारियो ने बताया कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं के सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में सभी सहायता केंद्र में फोर्स तैनात रहेगी। इसके अलावा पूरे रास्ते में जगह-जगह जवानों को तैनात किया जाएगा।